संदिप कुमार गर्ग
ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली पुलिस ने किसानों के खेतों में लगी ट्यूबवैल की बिजली मोटर से कॉपर वायर चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बिजली मोटर, मोटर के पुर्जे, स्टेपलाइजर, भारी मात्रा में कॉपर वायर, अवैध हथियार और एक कार बरामद की गई है।
चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रबूपुरा के मिर्जापुर निवासी वहीद फकीर उर्फ रैन्चो, दनकौर निवासी शहनवाज पुत्र शमशाद, गुलावठी निवासी शहजाद और उस्मानपुर निवासी कपिल के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी और लूट समेत अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं।
दिन में करते थे खेतों की रेकी, रात में चोरी
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी पहले दिन के समय किसानों के खेतों में घूमकर ट्यूबवैल और बिजली मोटरों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में मौका देखकर बिजली की मोटर चोरी कर लेते थे। गैंग के सदस्य चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए कार का इस्तेमाल करते थे और सामान लेकर मौके से फरार हो जाते थे।
बिजली मोटर से कॉपर वायर निकालकर बेचते थे
आरोपी खेतों से चोरी की गई बिजली मोटरों से कॉपर की तार और अन्य कीमती पुर्जे निकालते थे। इसके बाद चोरी के सामान को राह चलते फेरी लगाने वाले कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

























