संध्या समय न्यूज
दिल्ली के चांदनी महल इलाके से लापता 31 वर्षीय स्क्रैप कारोबारी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और पीड़ित का शव फरीदाबाद से बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, पैसों के विवाद ने दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया, जिसके चलते अपराध को अंजाम दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मृतक अरिब (31) दिल्ली गेट इलाके का निवासी था और स्क्रैप टूल्स के कारोबार से जुड़ा था। 7 मार्च को वह करीब 2.5 लाख रुपये नकद लेकर काम के सिलसिले में फरीदाबाद गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिवार ने चांदनी महल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस को मिला अहम सुराग
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अरिब ने आखिरी बार ‘हर्ष’ नाम के युवक से बातचीत की थी। पुलिस ने हर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में हर्ष ने बताया कि उसका मोबाइल राहुल के पास है। इस जानकारी पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।
अलीगढ़ से किया गिरफ्तार, खुला कत्ल का राज
जांच के दौरान जब दिल्ली पुलिस की टीम फरीदाबाद पहुंची, तो पता चला कि आरोपी राहुल ने अचानक कमरा खाली करके अपने गांव अलीगढ़ भाग जाने का रास्ता अपनाया है। पुलिस ने तत्काल पीछा किया और अलीगढ़ से राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान राहुल ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि हर्ष ने अपने साथी बाबू के साथ मिलकर अरिब की हत्या की थी। हत्या की मुख्य वजह स्क्रैप कारोबार में पैसों के लेनदेन का विवाद बताया गया है।
कपिल शर्मा ने रवि किशन के फेमस डायलॉग को बनाया ‘कव्वाली’
शव बरामद, दूसरा आरोपी भी जेल में
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फरीदाबाद से अरिब का शव बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी बाबू को भी गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से इस मामले का पर्दाफाश हो सका है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस वारदात को लेकर हैरान हैं।
























