Gurugram News:गुरुग्राम पुलिस ने अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को कथित तौर पर निशाना बनाने वाले एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। साइबर अपराध दक्षिण थाना पुलिस ने गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित एमथ्रीएम डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में बुधवार देर रात छापा मारकर 17 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में 12 युवक और पांच युवतियां शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, कॉल सेंटर में काम करने वाले लोग एप्पल कस्टमर सर्विस के कर्मचारी बनकर विदेशी नागरिकों से बात करते थे। आरोप है कि गिरोह पहले लोगों के मोबाइल पर फर्जी पॉप-अप अलर्ट भेजता और फिर अकाउंट की सुरक्षा के नाम पर उनसे पैसे ऐंठता था। छापे के दौरान पुलिस ने 17 कंप्यूटर, छह लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
फर्जी पॉप-अप से शुरू होता था ठगी का खेल
एसीपी साइबर गौरव फौगाट के अनुसार, गिरोह खास तौर पर अमेरिका और कनाडा में रहने वाले आईफोन उपयोगकर्ताओं को निशाना बनाता था। पीड़ितों के फोन पर ऐसा पॉप-अप दिखाया जाता था, जिसमें दावा होता कि उनके एप्पल अकाउंट से 5,000 अमेरिकी डॉलर का ट्रांजेक्शन किया जा रहा है। संदेश में इस कथित भुगतान को रद्द कराने के लिए एक फोन नंबर दिया जाता था।
जब कोई व्यक्ति उस नंबर पर कॉल करता, तो कॉल सेंटर के कर्मचारी माइक्रोसिप एप्लिकेशन के जरिए कॉल उठाते थे। वे खुद को एप्पल स्टोर या एप्पल कस्टमर सर्विस का प्रतिनिधि बताकर अंग्रेजी में बात करते और पीड़ित को भरोसा दिलाते कि वे उसके अकाउंट की समस्या ठीक कर सकते हैं।
रिमोट एक्सेस लेकर हासिल करते थे निजी जानकारी
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी पीड़ितों को बताते थे कि उनका अकाउंट हैक हो सकता है या कोई अनजान व्यक्ति उसे इस्तेमाल कर रहा है। सुरक्षा जांच के बहाने उनसे TeamViewer और ConnectWise जैसे रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करवाए जाते थे। इन ऐप्स के जरिए फोन या दूसरे डिवाइस तक पहुंच मिलने के बाद आरोपियों को नाम, पता, ईमेल आईडी और अन्य निजी जानकारियां हासिल करने का मौका मिलता था।
इसके बाद कथित तौर पर अकाउंट को सुरक्षित करने या सुरक्षा सेवा देने के नाम पर पीड़ितों से 500 से 1,000 अमेरिकी डॉलर तक मांगे जाते थे। पुलिस के अनुसार, रकम गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से ली जाती थी। जांचकर्ता अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि कितने लोग इस तरीके से ठगी का शिकार हुए और कुल कितनी रकम वसूली गई। पुलिस का कहना है कि गिरोह हजारों विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।
कॉल सेंटर पहले दिल्ली में चल रहा था
गौरव फौगाट ने बताया कि पूछताछ में कॉल सेंटर के संचालन से जुड़ी कुछ जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, यह केंद्र शुरुआत में दिल्ली में चल रहा था। इसके बाद इसे करीब छह महीने तक उद्योग विहार और फिर पिछले दो महीनों से एमथ्रीएम डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में संचालित किया जा रहा था।
जांच में दिल्ली निवासी चिरगुदीन और शुभम के नाम इस कॉल सेंटर के संचालन से जुड़े बताए गए हैं। पुलिस इनकी भूमिका और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। कर्मचारियों को काम के आधार पर 30,000 से 50,000 रुपये तक मासिक वेतन और कमीशन दिए जाने की बात भी सामने आई है।
गिरफ्तार लोगों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है और उनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं से लेकर ग्रेजुएशन तक है। पुलिस ने आरोपियों के नाम नितेश भारती, अनिमेष शर्मा, पैट्रिक रॉय, करण कुमार, एडी नगमलाई, आशीष, तुषार मेहता, सूरज बरुई, अंकुश कुमार, रितिक प्रजापति, सुखदीप सिंह, अनीस मलिक, जंगमलू पानमेई, चुइमेनाओ शिंगलाई, लीमा कैथरीन, सैयदा फरदौ मेहफी और शाजिया खान बताए हैं।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से कंपनी रजिस्ट्रेशन, टेलीकम्युनिकेशन लाइसेंस, डेटा स्रोत और पेमेंट माध्यमों से संबंधित कागजात मांगे। पुलिस के अनुसार, वे इनसे जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना दक्षिण में मामला दर्ज किया गया है। जब्त उपकरणों और डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है।
फर्जी पॉप-अप और अनजान कॉल से रहें सावधान
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अचानक दिखने वाले पॉप-अप, सुरक्षा चेतावनी या अनजान कॉल पर बिना जांच भरोसा न करें। यदि किसी संदेश में अकाउंट बंद होने, हैक होने या बड़ी रकम के ट्रांजेक्शन का दावा किया गया हो, तो उसमें दिए गए नंबर पर कॉल करने के बजाय संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से संपर्क करें।
पुलिस ने यह भी कहा है कि अनजान व्यक्ति के कहने पर रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें और फोन या कंप्यूटर का नियंत्रण किसी अजनबी को न दें। किसी भी सेवा के लिए भुगतान करने से पहले कंपनी की पहचान और आधिकारिक माध्यम की पुष्टि करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत संबंधित बैंक और साइबर पुलिस को सूचना दें।



























