ऋषि तिवारी
नई दिल्ली। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 89.20 ग्राम प्रीमियम क्वालिटी की हेरोइन और 3.29 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की है।
यह कार्रवाई दक्षिण जिले की एएटीएस (Anti-Auto Theft Squad) टीम ने की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय उर्फ सनम, निवासी दिल्ली, और चुकवनोंसो उर्फ प्रिंसनोनी, निवासी नाइजीरिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नाइजीरियाई आरोपी वर्तमान में दिल्ली के महरौली इलाके में रह रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना महरौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार, एएटीएस टीम ने एबी रोड स्थित जैन दादा बाड़ी कट के पास चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। पुलिस की मौजूदगी को भांपते ही संदिग्ध व्यक्ति मौके से भागने लगा।
टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 73.97 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया के जरिए एक नाइजीरियाई ड्रग सप्लायर के संपर्क में आया था।
सोशल मीडिया के जरिए नाइजीरियाई सप्लायर से जुड़ा था आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से नाइजीरियाई सप्लायर के संपर्क में था और उसके जरिए ड्रग्स की सप्लाई हासिल करता था। पुलिस ने इसके बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटानी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने नाइजीरियाई नागरिक चुकवनोंसो उर्फ प्रिंसनोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 16.23 ग्राम हेरोइन और 3.29 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की गई।
इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 89.20 ग्राम हेरोइन और 3.29 ग्राम मेथामफेटामाइन जब्त की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ड्रग्स की सप्लाई कहां से हासिल करते थे और इस नेटवर्क में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।



























