Delhi NCR News: दिल्ली क्षेत्र (NCR) में लगातार दूसरे दिन सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियां सामने आई हैं। एक तरफ नई दिल्ली के कोंडली से आप पार्टी (AAP) के विधायक कुलदीप कुमार को एक हफ्ते में दूसरी बार जान से मारने की धमकी मिली है, तो दूसरी तरफ गुरुग्राम स्थित कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल आने से हड़कंप मच गया।
‘अगर मुझे कुछ होता है तो जिम्मेदारी पुलिस की’
आप पार्टी (AAP) विधायक कुलदीप कुमार ने बुधवार को अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया कि एक अज्ञात नंबर से उन्हें फिर से जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने खुले शब्दों में पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है।
विधायक ने लिखा कि अगर मुझे या मेरे परिवार को कुछ होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। उन्होंने पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले हमले में अभी तक न कोई कार्रवाई हुई है और न ही अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने पूछा कि क्या कानून का डर खत्म हो गया है?
कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने इस मामले में थाना कल्याणपुरी में शिकायत दर्ज करवा दी है। साथ ही दिल्ली पुलिस कमिश्नर से सवाल किया कि दिल्ली पुलिस कब तक कार्रवाई करेगी? उन्होंने एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें वह पुलिसकर्मियों के साथ बैठे कागजातों पर हस्ताक्षर करते हुए नजर आ रहे हैं।
गुरुग्राम: 10 स्कूलों को बम धमकी, छात्रों को भेजा घर
बता दें कि इस बीच, गुरुग्राम में बुधवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। श्री राम स्कूल, एमिटी और एचडीएफसी स्कूल समेत कम से कम 10 स्कूलों को सुबह 8:33 बजे बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। जब ये ईमेल आए, उस समय तक स्कूलों में कक्षाएं शुरू हो चुकी थीं।
आज फिर एक अज्ञात नंबर से मुझे जान से मारने की धमकी मिली। यह पिछले एक हफ्ते में दूसरी धमकी है।
पिछले हमले में अभी तक न कोई कार्रवाई हुई है और न ही अपराधी पकड़े गए हैं। क्या कानून का डर खत्म हो गया है?
थाना कल्याणपुरी में शिकायत दर्ज करवा दी है।@CPDelhi और Delhi Police कब तक… pic.twitter.com/a5Q3wguGXK
— MLA Kuldeep Kumar (@KuldeepKumarAAP) April 29, 2026
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे जब स्कूल प्रशासन को इस बारे में पता चला तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। स्कूलों ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिया और छुट्टी घोषित कर दी। अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने को कहा गया।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में चिंतित अभिभावक स्कूलों के बाहर जमा हो गए। मौके पर पुलिस बल और बम निरोधक दल (BDS) को तैनात किया गया। पूरे स्कूल परिसरों की घर-घर कर तलाशी जारी है।

























