UP News: उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को कड़ी चेतावनी दी है। सीएम योगी ने साफ तौर पर कहा है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद गड्ढों को तत्काल भरा जाए। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
DM और वरिष्ठ अधिकारी करेंगे स्थलीय निरीक्षण
सीएम योगी के इस सख्त आदेश के बाद प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (DM) की जिम्मेदारी तय हो गई है। सीएम योगी ने निर्देश दिए हैं कि जल जीवन मिशन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और जिलाधिकारी खुद मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि खुदाई के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है और काम पूरा होते ही सड़कों व गड्ढों को भरा जा रहा है।
लापरवाह ठेकेदारों पर गिरेगी गाज
यदि कोई कार्यदायी संस्था या ठेकेदार काम को समय से पूरा नहीं करता, अधूरा छोड़ता है या गड्ढे भरने में लापरवाही बरतता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ऐसे ठेकेदारों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ उन्हें ब्लैकलिस्ट (काली सूची) करने की सख्त कार्रवाई करेगी।
शिकायतों के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर
सीएम योगी ने अधिकारियों को ‘जल समाधान पोर्टल’ पर आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का निर्देश दिया है। पोर्टल पर पानी की आपूर्ति, लीकेज और खुदाई से जुड़ी शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा, लोग जलापूर्ति या मरम्मत संबंधी अपनी शिकायतों को 18001212164 पर टोल फ्री कॉल करके भी दर्ज करा सकते हैं।
योगी सरकार का ‘जल युद्ध’ रहा सफल
गौरतलब है कि योगी सरकार शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए युद्धस्तरीय काम कर रही है। इस मिशन के तहत अब तक प्रदेश के करीब 2.50 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल कनेक्शन दिया जा चुका है। सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि पानी की सबसे बड़ी समस्या वाले विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में इस मिशन का लगभग शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
























