Change the way you eat chia seeds: आजकल फिटनेस के चक्कर में लोग अपनी डाइट में एक-एक चीज़ को लेकर बेहद संजीदा हो गए हैं। ऐसी ही एक चीज़ है चिया सीड्स, जिसे सुपरफूड की कैटेगरी में गिना जाता है। सुबह नाश्ते में स्मूदी, चिया पुडिंग या फिर चिया वॉटर — लोग इसे अलग-अलग तरीकों से कंज्यूम करते हैं। लेकिन एक सवाल हमेशा से लोगों को कन्फ्यूज करता रहा है — चिया सीड्स को पानी में भिगोकर खाना ठीक है या दही के साथ लेना? आइए जानते हैं किस तरीके से शरीर को ज्यादा फायदा मिल सकता है।
चिया सीड्स क्यों हैं खास?
छोटे-से-छोटे दिखने वाले चिया सीड्स अपने पोषण के मामले में किसी कम नहीं हैं। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सिडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि चिया सीड्स को प्लांट-बेस्ड कंप्लीट प्रोटीन भी कहा जाता है, क्योंकि इनमें सभी जरूरी अमीनो एसिड मौजूद होते हैं। वजन कंट्रोल करने से लेकर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने तक, ये बीज हर तरह से शरीर का ख्याल रखते हैं।
पानी में भिगोकर खाने के फायदे
चिया सीड्स को रातभर या कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दिया जाए, तो ये पानी सोखकर जेल जैसा गाढ़ा बन जाते हैं। दरअसल, इनमें मौजूद सॉल्यूबल फाइबर ही इस टेक्स्चर के पीछे की वजह है। हाइड्रेशन का ध्यान रखते हैं सुबह खाली पेट चिया वॉटर पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और मेटाबॉलिज्म बेहतर चलता है।
भूख कम करते हैं जेल जैसी टेक्स्चर पेट में देर तक रहती है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या नहीं होती। यही कारण है कि वेट लॉस करने वाले लोग इसे खूब पसंद करते हैं। डेयरी-फ्री विकल्प जिन लोगों को लैक्टोज इंटॉलरेंस है या दूध-दही से एलर्जी है, उनके लिए पानी में भिगोकर खाया गया चिया सीड्स बेहतरीन विकल्प साबित होता है।
दही के साथ खाना क्यों है ज्यादा फायदेमंद?
अब बात करते हैं दूसरे तरीके की। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट की मानें, तो चिया सीड्स को दही के साथ लेना कई मायनों में बेहतर माना जाता है। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह है प्रीबायोटिक और प्रोबायोटिक का जबरदस्त कॉम्बिनेशन।
गट हेल्थ के लिए दोहरा फायदा चिया सीड्स में मौजूद फाइबर आंतों में रहने वाले अच्छे बैक्टीरिया के लिए प्रीबायोटिक का काम करता है, यानी उन्हें खाना देता है। वहीं दही में प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो खुद गुड बैक्टीरिया हैं। दोनों का संगम गट माइक्रोबायोम को सेहतमंद बनाता है।
प्रोटीन और कैल्शियम की डबल डोज दही अपने आप में प्रोटीन और कैल्शियम का अच्छा सोर्स है। इसके साथ चिया सीड्स मिलाने पर पोषण का लेवल और भी बढ़ जाता है। पाचन में सुधार अगर आपको कब्ज या पेट साफ न होने की शिकायत रहती है, तो यह कॉम्बिनेशन आपके काम आ सकता है।
सही तरीका क्या है खाने का?
चिया सीड्स के फायदे तभी मिलते हैं, जब इन्हें सही तरीके से खाया जाए। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स की सलाह है कि इन्हें कभी भी सूखा न चबाएं या निगलें।
- चिया सीड्स को कम से कम 4-5 घंटे पानी में भिगोकर रखें। चाहें तो रातभर भिगोकर सुबह इस्तेमाल करें।
- दही में डालने से पहले इन्हें थोड़े पानी में जेल बनने दें, फिर दही में मिक्स करें।
- स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से कुछ कटे हुए नट्स, सीजनल फ्रूट्स या थोड़ा शहद मिला सकते हैं। इससे यह एक परफेक्ट हेल्दी ब्रेकफास्ट बन जाता है।
किन लोगों को रहना चाहिए सावधान?
हर फायदेमंद चीज़ की तरह चिया सीड्स भी हर किसी के लिए उपयुक्त नहीं हो सकते। इनका ज्यादा सेवन ब्लोटिंग, गैस या कब्ज की समस्या पैदा कर सकता है। इसलिए शुरुआत छोटी मात्रा से करें, जैसे एक चम्मच, और साथ में खूब पानी पिएं। अगर किसी को पहले से पाचन संबंधी बीमारी है, आंत में सूजन है या निगलने में दिक्कत होती है, तो बिना डॉक्टर की सलाह लिए इसका सेवन न करें। वहीं ब्लड थिनर दवाएं लेने वाले लोगों को भी एहतियात बरतनी चाहिए, क्योंकि चिया सीड्स खून को पतला करने का काम कर सकते हैं।

























