संदिप कुमार गर्ग
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में स्थित समाधीपुर गांव में गुरुवार सुबह नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चार लोगों ने मिलकर अरविंद की मफलर से गला घोंटकर और चाकू से वार कर हत्या कर दी। घटना अजायबपुर रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है।
चार आरोपियों ने मिलकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि मोहित रावल पुत्र सुरेंद्र सिंह, लक्की पुत्र बबली भाटी, शीलू पुत्र रतनपाल और विजेंद्र उर्फ लीला ने मिलकर अरविंद की हत्या की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चाकू और हत्या में इस्तेमाल किया गया मफलर बरामद किया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों और मृतक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद चारों ने कथित तौर पर मिलकर अरविंद की हत्या कर दी।
पहले नशा मुक्ति केंद्र में वार्डन था अरविंद
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक अरविंद पहले इसी नशा मुक्ति केंद्र में वार्डन के रूप में काम करता था। बाद में वह खुद नशे का आदी हो गया और मरीज के तौर पर उसी केंद्र में भर्ती हो गया।
पुलिस के अनुसार, अरविंद खुद को मरीज के बजाय वार्डन ही समझता था और केंद्र में भर्ती अन्य लोगों से कथित तौर पर जबरन काम करवाता था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे नाराज बताए जा रहे हैं।
कहासुनी के बाद हत्या की वारदात
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को किसी बात को लेकर अरविंद और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद चारों आरोपियों ने कथित तौर पर अरविंद को मफलर से गला घोंट दिया और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर उनके पास से हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

























