संध्या समय न्यूज
UP News : भाजपा कार्यालय में एक स्वागत समारोह के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने सरेआम एक पदाधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया। महिला ने न सिर्फ पदाधिकारी का कॉलर पकड़ा, बल्कि चप्पल तक निकाल ली। बता दें कि यूपी के महाराजगंज जिले की घटना है जो कि वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्वागत समारोह में बीच में बवाल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यालय परिसर में मनोनीत सभासदों और पदाधिकारियों के स्वागत के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मंच पर नेताओं का स्वागत चल रहा था और कार्यकर्ता बधाई देने में जुटे थे। इसी बीच एक महिला अपने बेटे के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और सीधे एक पदाधिकारी की ओर बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने बिना किसी हिचक के उस पदाधिकारी का कॉलर पकड़ लिया और उस पर पैसे हड़पने का आरोप लगाने लगी। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, महिला ने उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे वहां मौजूद लोग सकते में आ गए।
पैसे के विवाद ने लिया उग्र रूप
महिला का आरोप है कि उसने एलआईसी (LIC) पॉलिसी के नाम पर संबंधित व्यक्ति को करीब साढ़े चार लाख रुपये दिए थे, लेकिन वह रकम जमा नहीं की गई। महिला लंबे समय से अपने पैसे वापस मांग रही थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसी नाराजगी में वह कार्यक्रम के बीच पहुंच गई और गुस्सा जाहिर कर दिया। आरोप है कि थप्पड़ मारने के बाद महिला ने पदाधिकारी को कॉलर पकड़कर खींचा और बाहर ले जाने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें : अयोध्या:हिंदी नववर्ष पर अयोध्या में ‘श्रीराम यंत्र’ की स्थापना करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू
चप्पल निकालकर दौड़ी, पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना के दौरान महिला का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने हाथ में चप्पल निकाल ली और मारने के लिए आगे बढ़ी। यह देख वहां मौजूद लोग तुरंत बीच-बचाव के लिए दौड़े। कुछ देर तक गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर महिला को कार्यालय परिसर से बाहर ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
नेताओं की प्रतिक्रिया
घटना पर पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी ने कहा कि यह मामला आपसी लेनदेन से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि यदि पहले जानकारी मिलती तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों पक्षों के बीच समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। वर्तमान में पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।






















