Cockroach Egg Tart: चीन के फूड लवर्स के बीच इन दिनों एक ऐसी डिश की धूम मची हुई है, जिसका नाम सुनते ही आपके चेहरे पर अजीब सी भाव हो सकते हैं। सोशल मीडिया पर कॉकरोच एग टार्ट नाम की इस डिश के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। दिखने में बिल्कुल बड़े कॉकरोच जैसा लगने वाला यह कीड़ा मीठे और मलाईदार एग टार्ट के ऊपर ऐसे सजाया जाता है, जैसे कोई ड्राइ-फ्रूट टॉपिंग हो। जहां कई लोग इसे देखकर कांप उठते हैं, वहीं कुछ खास-खास शहरों से लोग इसका जायका लेने के लिए खास तौर पर आ रहे हैं।
कॉकरोच एग टार्ट क्या है और कहां से आई यह ट्रेंड?
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के अनुसार, यह खिस्सा चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में फोशान शहर के शुंडे जिले के एक रेस्टोरेंट से जुड़ा है। अक्टूबर 2026 में इस रेस्टोरेंट ने ‘वॉटर रोच एग टार्ट’ नाम से एक नई डिश लॉन्च की। यह डिश साउथ चाइना के इलाकों में इतनी मशहूर हो गई कि ग्वांगझोऊ और हांगकांग जैसे दूर-दूर से लोग सिर्फ इसे टेस्ट करने पहुंचने लगे। रेस्टोरेंट के मालिक पैन जुन (Pan Jun) बताते हैं कि यह डिश देखने में भले ही कॉकरोच जैसी लगे, लेकिन इसमें इस्तेमाल होने वाला कीड़ा कॉकरोच बिल्कुल नहीं है।
असलियत में कॉकरोच नहीं, यह है ‘डाइविंग बीटल’
रेस्टोरेंट का कहना है कि डिश में इस्तेमाल होने वाला कीड़ा डाइविंग बीटल यानी वॉटर बीटल है, जो पानी में रहने वाला कीट है। SCMP की रिपोर्ट में इसे लॉन्ग-हॉर्न्ड वॉटर बग (giant water bug) बताया गया है। कैंटोनीज़ किचन में इस कीड़े को दशकों पुराना डेलिकेसी स्टेटस हासिल है और इसे प्रोटीन का खजाना माना जाता है। यानी दक्षिणी चीन के लोगों के लिए यह कोई नई चीज़ नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चला आ रहा खाना है बस पेश करने का तरीका नया और हैरान करने वाला है।
कैसे बनती है वॉटर रोच एग टार्ट? जानें पूरी रेसिपी
इस वायरल डिश को बनाने के लिए सबसे पहले वॉटर बग को घंटों पानी में भिगोया जाता है, ताकि उनके शरीर से आने वाली अजीब बदबू दूर हो सके। इसके बाद इन्हें तय तापमान पर डीप फ्राई किया जाता है, जब तक ये पूरी तरह कुरकुरे न हो जाएं। खास बात यह है कि फ्राई करते समय इनके पंख नहीं हटाए जाते, ताकि इनका कॉकरोच जैसा लुक बरकरार रहे, जो इस डिश की सबसे बड़ी खासियत है।
आखिर में इन कुरकुरे वॉटर बग को पोर्चुगीज़ स्टाइल के पारंपरिक मीठे एग टार्ट के ऊपर रखकर सर्व किया जाता है। रेस्टोरेंट ने एग टार्ट के पारंपरिक स्वाद को बरकरार रखते हुए उसमें कुछ हल्के बदलाव किए हैं, ताकि यह अनोखी कीड़ों वाली टॉपिंग के साथ बेहतर तालमेल बिठा सके।
स्वाद में कैसा लगता है कॉकरोच एग टार्ट?
रेस्टोरेंट मालिक पैन का दावा है कि इसका स्वाद ऐसा लगता है, जैसे किसी मीठे टार्ट पर कुरकुरी चिप्स रख दी हो। जिन ग्राहकों ने इसे आजमाया, उन्होंने कीड़े की बनावट को ‘कुरकुरी और उबाऊ न होने वाली’ बताया। एक ग्राहक ने इसके स्वाद की तुलना मीठे फ्लेवर वाली छोटी चिप्स से की, जबकि एक अन्य ग्राहक के मुताबिक इसका टेक्सचर मछली जैसा मजबूत और नरम लगता है।
इस अनोखी डिश की कीमत 3 पीस के सेट के लिए 28 युआन यानी करीब 350 रुपये (4 डॉलर) रखी गई है। रेस्टोरेंट में इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रोजाना औसतन 20 सेट बिक जाते हैं। हालांकि, बढ़ती मांग के चलते इसका स्टॉक जल्दी खत्म हो जाता है, इसलिए इस वायरल डिश को चखने के लिए ग्राहकों को समय रहते रेस्टोरेंट पहुंचना पड़ता है।
पारंपरिक चीनी दवा (TCM) से कितना गहरा है इस कीड़े का रिश्ता?
इस डिश की खासियत सिर्फ इसका अनोखा स्वाद ही नहीं, बल्कि पारंपरिक चीनी चिकित्सा (TCM) से जुड़ी मान्यताएं भी हैं। TCM में वॉटर बग को सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। मान्यता है कि यह शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालने और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाने में मदद करता है। इसे सिर्फ एग टार्ट के साथ ही नहीं, बल्कि चावल के पोरिज में पकाकर भी खाया जाता है। रेस्टोरेंट के मुताबिक, जहां बड़े उम्र के ग्राहक इन कीड़ों को थोक में खरीदकर घर पर पोरिज बनाना पसंद करते हैं, वहीं युवा ग्राहक कुछ नया आजमाने के लिए एग टार्ट वाले इस अनोखे वर्जन को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर उड़े लोगों के होश
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग डिश को फोन कैमरे में लेने से पहले कई बार हिचकिचाते हैं। कुछ यूजर्स ने कॉमेंट में लिखा कि वे ‘देखते ही ब्लैकआउट’ हो गए, तो कुछ ने मजाक में कहा कि अब कॉकरोच भी कलीफोर्निया रोल की तरह फैंसी डिश बन गया है। गौरतलब है कि इसी साल सितंबर में तियानजिन के एक रेस्टोरेंट मालिक ने बबल टी में भी ऐसे कीड़े के तले टुकड़े मिलाकर लोगों को चौंका दिया था।



























