US Tariffs on India: व्यापार विवाद की आग में इस बार भी भारत का नाम सबसे आगे है। अमेरिकी व्यापार विभाग की ओर से शुरू की गई नई जांच के नतीजे के हिसाब से भारत पर 25% तक का अतिरिक्त टैरिफ थोपा जा सकता है। इस लिस्ट में भारत की तरह एशिया के कई बड़े निर्यातक देश भी शामिल हैं। आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है और भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसका क्या असर हो सकता है।
किन देशों पर मंडरा रहा है नए टैरिफ का सांया-सांया?
अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) कार्यालय ने भारत समेत सात देशों की व्यापार और उत्पादन नीतियों की जांच शुरू की है। इन देशों में कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड भी शामिल हैं। ये देश अमेरिका को बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, मशीनरी और अन्य निर्मित उत्पादों की आपूर्ति करते हैं। USTR के मुताबिक, जांच के दौरान यदि इन देशों ने अपनी नीतियों में जरूरी बदलाव नहीं किए, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई के तौर पर इन पर टैरिफ लगा सकता है।
‘ओवरप्रोडक्शन’ का आरोप
ट्रंप प्रशासन की दलील है कि इन देशों की कंपनियां वैश्विक बाजार की असली मांग से कहीं ज्यादा सामान का उत्पादन कर रही हैं। इसका सीधा असर अमेरिकी कारखानों और वहां के मजदूरों पर पड़ रहा है, क्योंकि सस्ते विदेशी सामान की भरमार से स्थानीय उद्योग प्रतिस्पर्धा नहीं कर पा रहे।
अमेरिका का आरोप है कि कुछ देश अपनी डिजिटल ट्रेड पॉलिसी के जरिए भी अमेरिकी टेक कंपनियों के रास्ते रोक रहे हैं। क्लाउड कंप्यूटिंग पर टैक्स, डेटा लोकलाइजेशन के नियम और डिजिटल सर्विस टैक्स जैसी शर्तों पर अमेरिका काफी नाराज है। इन्हीं बातों को लेकर अब नई जांच और टैरिफ प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।
सेक्शन 301 जांच क्या है और यह कितनी अहम है?
यह जांच अमेरिकी ट्रेड कानून की धारा 301 (Section 301) के तहत चलाई जा रही है। इसके तहत USTR किसी देश की उन नीतियों की जांच करता है जिन्हें अमेरिकी व्यापार के लिए “अनुचित या भेदभावपूर्ण” माना जाता है। जांच पूरी होने के बाद अमेरिका के पास जवाबी कार्रवाई के कई विकल्प होते हैं — टैरिफ लगाना इनमें सबसे आम है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी कानून के तहत चीन पर टैरिफ लगाए गए थे, जिसने अमेरिका-चीन ट्रेड वॉर की शुरुआत की थी। यानी यह जांच कोई मामूली कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि टैरिफ की औपचारिक पहली सीढ़ी मानी जाती है।
भारत के लिए क्यों बड़ी है यह खबर?
अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार का आंकड़ा करीब 130 अरब डॉलर सालाना है। भारत हर साल अमेरिका को करीब 85-90 अरब डॉलर का माल निर्यात करता है। ऐसे में 25% अतिरिक्त शुल्क से भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में महंगे हो जाएंगे और मांग गिर सकती है।
भारत के कपड़ा, जेम्स एंड ज्वेलरी, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो पार्ट्स, समुद्री उत्पाद और कालीन जैसे निर्यात क्षेत्रों पर अमेरिकी टैरिफ का सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है। इससे पहले अगस्त में अमेरिका ने भारतीय सामान पर कुल 50% तक टैरिफ लगाया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच कई महीनों तक बातचीत चली।
नवंबर में संभावित व्यापार समझौते की रूपरेखा तैयार होने की खबर से व्यापारिक रिश्तों में सुधार की उम्मीद जगी थी, लेकिन USTR की नई जांच ने एक बार फिर भारतीय निर्यातकों के सामने अनिश्चितता खड़ी कर दी है। यदि जांच के बाद अमेरिका ने अतिरिक्त टैरिफ लगाने का फैसला किया, तो भारतीय कारोबार और निर्यात पर दबाव बढ़ सकता है।
ब्राजील पर अलग से क्यों उठाया गया कदम?
भारत समेत कई देशों की जांच के साथ-साथ अमेरिका ने ब्राजील के लिए भी अलग फैसला लिया है। USTR ने ब्राजील से आने वाले कुछ उत्पादों — जिनमें विमान (एयरक्राफ्ट) भी शामिल हैं — पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका का मनना है कि ब्राजील ने उसकी व्यापार संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए। बता दें कि ब्राजील पहले भी अमेरिका की टैरिफ पहल का निशाना रहा है।
मियामी G20 बैठक में क्या हो सकता है बड़ा खेल?
दिसंबर में अमेरिकी शहर मियामी में G20 शिखर सम्मेलन होना है, जिसकी मेजबानी डोनाल्ड ट्रंप करेंगे। दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेता एक मंच पर होंगे, ऐसे में टैरिफ का मुद्दा यहां गर्माया रह सकता है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि नए टैरिफ प्रस्तावों से बैठक में अन्य देशों के साथ रिश्तों में खटास नहीं आएगी। अमेरिका इस मुलाकात का इस्तेमाल नए व्यापार समझौतों को पटरी पर लाने के लिए भी कर सकता है।

























