Humans Alive Today: कभी सोचा है कि शुरुआत से आज तक इस पृथ्वी पर कुल कितने इंसानों ने सांस ली है? जब हम शहर की भीड़ में खड़े होते हैं, तो लगता है आबादी बेहिसाब है। लेकिन जनसांख्यिकीविदों की गणना एक ऐसा जवाब देती है, जो कई लोगों की कल्पना से भी परे है — पूरे इतिहास में जन्म लेने वाले इंसानों की कुल संख्या करीब 117 अरब है और इनमें से बमुश्किल 7% ही आज इस दुनिया में मौजूद हैं।
इतिहास में अब तक कितने इंसान जन्मे?
अमेरिका स्थित शोध संस्थान Population Reference Bureau (PRB) ने अपनी ताज़ा रिपोर्ट में अनुमान लगाया है कि होमो सेपियन्स की शुरुआत, यानी करीब 1,90,000 वर्ष पहले से अब तक इस ग्रह पर लगभग 117 अरब लोगों का जन्म हुआ है।
यह पहली बार नहीं है कि किसी ने यह हिसाब लगाया है। जनसांख्यिकीविद टीएजी हॉब ने 1995 में यह अनुमान 105 अरब पेश किया था, और जनसंख्या बढ़ने के साथ यह आंकड़ा बाद के संस्करणों में 108 अरब तक पहुंचा। अब PRB की नवीनतम रिपोर्ट 117 अरब की बात करती है। आंकड़ों में यह अंतर इसलिए आता है कि प्रागैतिहासिक दौर में जन्म-मृत्यु का कोई रजिस्टर नहीं था सब कुछ पुरातत्व, घनत्व और जीवन-प्रत्याशा की धारणाओं पर टिके मॉडल से निकाला जाता है।
गिनती का गणित कैसे तैयार होता है?
विशेषज्ञ एक बहुत ही आसान फॉर्मूला अपनाते हैं: कुल जन्म = हर दौर की औसत आबादी × उस दौर में हर 1,000 लोगों पर हुई जन्म-संख्या × सालों की संख्या
मसलन, PRB की धारणा है कि आठ हजार ईसा पूर्व में दुनिया में महज 50 लाख से 1 करोड़ लोग रहते होंगे, लेकिन उस दौर में जन्म-दर बेहद ऊंची थी हर 1,000 लोगों पर सालाना लगभग 80 बच्चे पैदा होते थे। आज वही दर घटकर सिर्फ 17 के आसपास रह गई है। यानी इतिहास के सबसे पुराने हजारों साल अपनी छोटी सी आबादी के बावजूद, अनुपात के लिहाज से बहुत बड़ी संख्या में जन्मों का स्रोत रहे।
फिलहाल दुनिया में कितने लोग जीवित हैं?
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक 15 नवंबर 2022 को विश्व की आबादी आधिकारिक तौर पर 8 अरब को छू गई थी। अब यानी 2025 के मध्य तक यह संख्या करीब 823 करोड़ (8.23 अरब) के पार पहुंच चुकी है और फिलहाल हर साल लगभग 7 करोड़ लोगों की बढ़ोतरी हो रही है। आबादी के लिहाज से भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा देश बन चुका है।
क्या सच में सिर्फ 7% इंसान जिंदा हैं?
यहीं इस पूरी कहानी की सबसे अजीब बात छिपी है। 117 अरब में से लगभग 8 अरब लोग आज सांस ले रहे हैं, यानी पूरे मानव इतिहास में जन्मे लोगों का महज 6.8% से 7% हिस्सा ही अभी जीवित है। सीधे शब्दों में कहें तो आज तक जन्मे हर 14 इंसानों में से 13 अब इस दुनिया में नहीं हैं।
कई शोधकर्ता इसे इस नजरिए से भी देखते हैं: यदि आज जीवित किसी व्यक्ति की पीढ़ी की गिनती पीढ़ी दर पीढ़ी पीछे की जाए, तो बाइबिल के दौर तक उसके पूर्वजों की संख्या उस ज़माने की पूरी दुनिया से भी ज्यादा निकल आएगी। यानी हम सब, जड़ों से जुड़े हुए हैं।
विशाल आबादी इतनी जल्दी कैसे बनी?
PRB के आंकड़े बताते हैं कि इतिहास में हुए कुल जन्मों का करीब 7% सिर्फ 20वीं और 21वीं सदी में हुआ है। 1900 में जहां दुनिया में सिर्फ 160 करोड़ लोग थे, वहीं 100 साल में यह संख्या पांच गुना से भी ज्यादा बढ़ गई। इसके पीछे तीन बड़ी वजहें रहीं:
- चिकित्सा विज्ञान की क्रांति — टीकाकरण, एंटीबायोटिक्स और बेहतर इलाज से मृत्यु-दर तेजी से घटी।
- खाद्य उत्पादन में छलांग — कृषि तकनीक ने भूख से होने वाली मौतों पर लगाम लगाई।
- साफ-सफाई और स्वच्छता — स्वच्छ पानी और सैनिटेशन ने औसत उम्र कई साल बढ़ा दी।
अब वृद्धि की दिशा क्या है?
हालांकि, अब तस्वीर बदल रही है। दुनिया की प्रजनन दर (Total Fertility Rate) घटकर 2.55 बच्चे प्रति महिला पर आ गई है और आगे और कम होने की संभावना है। संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि वैश्विक जनसंख्या 2080 के दशक के मध्य में करीब 103 करोड़ पर पहुंचकर अपनी चोटी छुएगी और फिर धीरे-धीरे घटने लगेगी। यानी भविष्य में “जीवित इंसानों का प्रतिशत” थोड़ा और बढ़ सकता है।



























