Bihar News:बिहार में इलाज का तरीका अब बदलने वाला है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने घोषणा की है कि राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए स्मार्ट एम्बुलेंस और डिजिटल बेड मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। जल्द ही दो से चार स्मार्ट एम्बुलेंस के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा, जिसमें मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसके उपचार की तैयारी पूरी हो जाएगी।
पटना में ‘AI for a Healthier Bihar’ कार्यशाला
राजधानी पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से ‘AI for a Healthier Bihar: From Innovation to Impact’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। मंत्री ने यहां स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ अस्पतालों की इमारतें खड़ी करना नहीं है, बल्कि उनके अंदर की सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। दवा आपूर्ति से लेकर जांच उपकरण, डॉक्टरों की उपलब्धता, टेलीमेडिसिन, बेड प्रबंधन और एम्बुलेंस सेवाएं — हर क्षेत्र में एआई का इस्तेमाल होगा। इस मंच पर स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, गेट्स फाउंडेशन की भारत निदेशक अर्चना व्यास और देश-विदेश के तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे।
स्मार्ट एम्बुलेंस: पहले चरण में 2–4 गाड़ियों से होगी शुरुआत
बिहार स्मार्ट एम्बुलेंस परियोजना के तहत शुरुआत में दो से चार गाड़ियों के माध्यम से पायलट प्रोजेक्ट चलाया जाएगा। इन एम्बुलेंस में ये सुविधाएं होंगी:
- डिजिटल ईसीजी मशीन, पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन मॉनिटरिंग
- जीपीएस आधारित लाइव लोकेशन ट्रैकिंग
- अस्पतालों से सीधा डिजिटल संपर्क
- एआई आधारित मरीज की स्थिति का विश्लेषण
- विशेषज्ञ चिकित्सकों से वीडियो परामर्श
- एम्बुलेंस से ही अस्पताल को भेजी जाने वाली डिजिटल मेडिकल रिपोर्ट
मंत्री ने बताया कि इस संबंध में आईजीआईएमएस के निदेशक और तकनीकी विशेषज्ञों से बातचीत पूरी हो चुकी है। लक्ष्य है कि दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी में एम्बुलेंस सबसे तेज रास्ते से मरीज तक पहुंचे और रास्ते में ही प्राथमिक चिकित्सा मिल जाए।
एआई तय करेगा – मरीज को कौन सा अस्पताल सही रहेगा?
अभी 102, 104, 112 या 1033 हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के बाद एम्बुलेंस रवाना होती है और पैरामेडिकल स्टाफ वाइटल्स जांचता है। यही डेटा जब एआई सिस्टम से जुड़ेगा, तो मरीज के जोखिम का शुरुआती आकलन हो सकेगा। फिर आसपास के अस्पतालों में ट्रॉमा बेड, आईसीयू, सीटी स्कैन-एमआरआई और सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों की उपलब्धता तुरंत तलाशी जा सकेगी। नतीजा – एम्बुलेंस में ही ट्रॉमा सेंटर या सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का चयन होगा और इमरजेंसी डॉक्टरों को पहले से अलर्ट चला जाएगा।
मोबाइल पर दिखेगी ICU- HDU बेड की रियल टाइम जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में बेड की उपलब्धता को ऑनलाइन करने पर विशेष जोर दिया। सामान्य वार्ड, आईसीयू और हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) की वास्तविक स्थिति डिस्प्ले बोर्ड और इंटरनेट पर दिखाई जाएगी, ताकि परिजन मोबाइल से ही खाली बेड देख सकें। आईजीआईएमएस के निदेशक से ऐसी तकनीक विकसित करने को कहा गया है।
उदाहरण देते हुए मंत्री ने कहा कि अक्सर जिले से रेफर हुआ मरीज पटना के पीएमच जब पहुंचता है, तब पता चलता है कि न बेड है, न संबंधित विशेषज्ञ। रेफरल से पहले ही बेड, आईसीयू और डॉक्टरों की जानकारी मिल जाए, तो गंभीर मरीजों को सही जगह समय पर भेजा जा सकेगा।
जांच रिपोर्ट का विश्लेषण करेगा एआई
ग्रामीण इलाकों में हुए एक्स-रे का विश्लेषण एआई से कराया जा सकेगा, जिससे टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के शुरुआती संकेत तुरंत पकड़े जा सकें और आगे की जांच समय रहते शुरू हो सके। मंत्री ने मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पतालों में उपलब्ध जांच उपकरणों का ऑडिट भी कराने का सुझाव दिया, ताकि पता चले कि कौन-सी मशीन कितनी और कैसे इस्तेमाल हो रही है।
दवा आपूर्ति और टेलीमेडिसिन में भी लगेगा एआई
दवाओं की मांग और भविष्य की जरूरत का पूर्वानुमान एआई से लगाया जाएगा। प्रामाणिकता की जांच के लिए बारकोड, क्यूआर कोड, बैच नंबर और क्लिनिकल डेटा का उपयोग होगा, जिससे संदिग्ध आपूर्ति और अनियमितताएं तुरंत पकड़ी जा सकेंगी। इसी तरह टेलीमेडिसिन को एआई से जोड़कर गांव के मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ही विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा — बिना बड़े शहर के महंगे खर्च और अनावश्यक यात्रा के।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि बिहार के ग्रामीण इलाके में रहने वाले गरीब को भी शहर जैसी स्वास्थ्य सुविधा मिलनी चाहिए। समय पर जांच, शुरुआती पहचान, सटीक निदान और तेज इलाज — इन्हीं चार स्तंभों पर एआई आधारित योजना टिकी है। उन्होंने सभी से अपील की कि एआई का फायदा फाइलों में नहीं, बल्कि आम लोगों की जिंदगी में दिखे।

























