गुवाहाटी में वैभव-ध्रुव का तूफान: राजस्थान रॉयल्स ने RCB को 6 विकेट से धोया

ध्रुव जुरेल ने दिखाई 'रॉयल' फिनिश; RCB को 6 विकेट से धोया
---Advertisement---

RR VS RCB, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) का धमाकेदार अंदाज जारी है। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार (10 अप्रैल) को खेले गए मैच नंबर-16 में राजस्थान ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। 202 रनों के विशाल टारगेट को राजस्थान ने महज 18 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ RR ने मौजूदा सीजन में लगातार अपनी चौथी जीत दर्ज की।

15 गेंदों में फिफ्टी: वैभव ने बिखेरे छक्के

201 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ही ओवर में यशस्वी जायसवाल (13 रन) जोश हेजलवुड की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों लपक गए। हालांकि, यहां से मैच का रुख पूरी तरह बदल गया। वैभव सूर्यवंशी ने आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने महज 15 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल थे।

जुरेल ने संभाली ‘रॉयल’ पारी

वैभव के साथ ध्रुव जुरेल ने दूसरे विकेट के लिए महज 37 गेंदों में 108 रनों की तबाहकाना साझेदारी की। क्रुणाल पंड्या ने वैभव को पवेलियन भेजकर इस साझेदारी को तोड़ा। वैभव ने अपनी 26 गेंदों की पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए। क्रुणाल ने अगली ही गेंद पर शिमरॉन हेटमायर (0) को गोल्डन डक पर चलता किया। इसके बाद जोश हेजलवुड ने रियान पराग (3) का विकेट झटका।

134/4 के स्कोर से टीम थोड़ा दबाव में आई थी, लेकिन ध्रुव जुरेल एक छोर से डटे रहे। उन्होंने 43 गेंदों पर नाबाद 81 रनों (8 चौके, 3 छक्के) की शानदार पारी खेली। अंत में रवींद्र जडेजा (24* रन) ने उनका पूरा साथ दिया और दोनों ने मिलकर नाबाद 68 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।

पाटीदार की अकेली लड़ाई बेकार गई

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत दिल दहला देने वाली रही। जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर फिल साल्ट (0) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल को भी आर्चर ने पवेलियन भेजा। लय में दिख रहे विराट कोहली (32 रन, 16 बॉल, 7 चौके) को स्पिनर रवि बिश्नोई ने एक बेहतरीन गेंद पर बोल्ड किया।

यह भी पढ़ें : जाने हिन्दू त्योहारों, पर्वों और व्रतों का गहरा रहस्य

आरसीबी का मध्यक्रम पूरी तरह ढह गया। रवि बिश्नोई ने क्रुणाल पंड्या (1 रन) को भी चलता किया। बृजेश शर्मा ने जितेश शर्मा (5 रन) और टिम डेविड (13 रन) को पवेलियन भेजा, जबकि रवींद्र जडेजा ने रोमारियो शेफर्ड (22 रन) का विकेट लिया। शेफर्ड के आउट होने तक आरसीबी का स्कोर 125/7 था। यहां से कप्तान रजत पाटीदर ने एक छोर से पारी संभाली और 40 गेंदों पर 63 रन (4 चौके, 4 छक्के) जमाए। इसके बाद इम्पैक्ट सब वेंकटेश अय्यर (29*) ने पाटीदार के साथ 41 रनों की साझेदारी कर टीम को 200 के पार पहुंचाया।

हेजलवुड की वापसी और आंकड़ों का खेल

इस मैच में आरसीबी ने चोट से उबरे अपने अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को प्लेइंग-11 में शामिल किया, जिन्होंने जैकब डफी की जगह ली। हेजलवुड ने 2 विकेट लेकर शानदार वापसी की। वहीं राजस्थान ने तुषार देशपांडे के स्थान पर बृजेश शर्मा को मौका दिया, जिसने 2 अहम विकेट चटकाए।

बात करें आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के आमने-सामने के आंकड़ों की, तो अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें आरसीबी ने 17 बार जीत हासिल की है, जबकि राजस्थान 15 बार सफल रहा है। 3 मैच बेनतीजा रहे। हालांकि, पिछले सीजन में दोनों के बीच हुए दोनों मैचों में आरसीबी ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इस सीजन राजस्थान का नशा सभी टीमों पर छाया हुआ है, जिसने CSK, GT, MI के बाद अब RCB को भी चित्त कर दिया है।

Rishi Tiwari

ऋषी तिवारी (Rishi Tiwari) वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली एनसीआर में एपीएनएस न्यूज ऐजेंसी लंबे समय तक सेवाएं देने के पश्चात सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ अपनी नई पत्रकारिता पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षो से से जुड़े रहकर निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now