संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा में बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना फेस-2 क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में 32 हजार रुपये के बकाया भुगतान को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
32 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद
थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि थाना क्षेत्र की सब्जी मंडी के अंदर दो पक्षों के बीच 32 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर मारपीट हुई थी। दोनों पक्ष एक ही वर्ग के बताए गए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि बकाया पैसों को लेकर दोनों पक्ष आपस में झगड़ा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशु पुत्र चंद, आमिर पुत्र साकिर खान, मोहम्मद मेहरबान पुत्र मोहम्मद फ्राईम और मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ बल्लू पुत्र मोहम्मद हाकमीन के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी चिन्हित किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम है।
500 रुपये के विवाद में तमंचा लेकर हत्या करने निकला युवक गिरफ्तार
वहीं, थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक अन्य मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोभित सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बिजली का काम करता है। उसने हाजीपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति के घर पर बिजली का काम किया था। काम के बदले उसे 500 रुपये मिलने थे। आरोप है कि रुपये नहीं मिलने से नाराज होकर वह देसी तमंचा लेकर उस व्यक्ति की हत्या करने के इरादे से जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बंदी बनाए गए अभियुक्त का नाम शोभित सिंह है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
नोएडा पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एक मामले में सब्जी मंडी में बकाया रकम को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई, जबकि दूसरे मामले में महज 500 रुपये के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


























