IPL 2026 चैंपियन टीम RCB ने SRH को दी करारी शिकस्त

IPL 2026 ओपनर में RCB की शानदार जीत, SRH पर बड़ी मार

IPL 2026 RCB vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज धमाकेदार रहा। शनिवार (28 मार्च) को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए ओपनिंग मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB ने महज 15.4 ओवरों में ही मैच अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ ही RCB ने एक बार फिर साबित किया कि वह अपना खिताबी इरादों से पीछे नहीं हटेगी, वहीं SRH को अपने 10 साल के खिताबी सूखे को खत्म करने के लिए और इंतजार करना होगा।

कोहली-पडिक्कल की तूफानी बैटिंग

202 रनों के टारगेट के जवाब में RCB की शुरुआत खराब रही। ओपनर फिल साल्ट (8 रन) जयदेव उनादकट की गेंद पर क्लासेन को कैच दे बैठे। हालांकि, इसके बाद इम्पैक्ट सब देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने मैच का रुख पलट दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 101 रनों की तेजतर्रार साझेदारी की। देवदत्त पडिक्कल ने क्रिकेट के सभी शॉट्स का डिस्प्ले करते हुए सिर्फ 21 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की।

उन्होंने 26 गेंदों की पारी में 7 चौके और 4 छक्के जड़ते हुए 61 रन बनाए। पडिक्कल के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार (12 गेंदों पर 31 रन, 2 चौके, 3 छक्के) ने कोहली का साथ निभाया। डेविड पेन द्वारा पाटीदार और जितेश शर्मा (0) को लगातार गेंदों पर आउट किया गया, लेकिन तब तक मैच RCB की जेब में था। अंत में विराट कोहली (38 गेंडों पर 69, 5 चौके, 5 छक्के) और टिम डेविड (16) नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाकर लौटे।

ईशान किशन की अकेले लड़ी जंग बेकार

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी SRH की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज जैकब डफी ने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद तक तीन विकेट झटककर SRH को 29/3 के स्कोर पर संभलने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा (7), ट्रेविस हेड (11) और नीतीश रेड्डी (1) को पवेलियन भेजा।

यह भी पढ़ें : कामदा एकादशी 2026: आज रखा जाएगा व्रत, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

यहां से कप्तान ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन (31) ने पारी संभाली। दोनों के बीच 97 रनों की साझेदारी हुई। ईशान ने 27 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की और तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हुए 38 गेंदों में 80 रन (8 चौके, 5 छक्के) बनाए। हालांकि, वो तिहरे अंक तक नहीं पहुंच सके और अभिनंदन सिंह की गेंद पर साल्ट को कैच दे बैठे। अंत में अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों पर नाबाद 43 रन (4 छक्के, 3 चौके) की धमाकेदार पारी खेलकर SRH को सम्मानजनक स्कोर 201/9 तक पहुंचाया। RCB की ओर से डफी के अलावा रोमारियो शेफर्ड ने भी 3 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की।

डेब्यूटेंट्स ने दिखाया दम

इस मुकाबले में कई युवा खिलाड़ियों ने अपने IPL करियर का आगाज किया। RCB की ओर से अभिनंदन सिंह और जैकब डफी, जबकि SRH की ओर से सलिल अरोड़ा और डेविड पेन ने डेब्यू किया। हालांकि, डफी और किशन के प्रदर्शन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

RCB vs SRH हेड-टू-हेड

इस जीत के साथ दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में थोड़ी कमी आई है। अब तक खेले गए 27 मैचों में SRH 14 बार जीती है, जबकि RCB ने 12 मैच जीते हैं। एक मैच बिना नतीजे के समाप्त हुआ था।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

  • RCB: विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा। (इम्पैक्ट सब: देवदत्त पडिक्कल)
  • SRH: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा। (इम्पैक्ट सब: डेविड पेन)

Rishi Tiwari

ऋषी तिवारी (Rishi Tiwari) वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली एनसीआर में एपीएनएस न्यूज ऐजेंसी लंबे समय तक सेवाएं देने के पश्चात सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ अपनी नई पत्रकारिता पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षो से से जुड़े रहकर निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now