संदिप कुमार गर्ग
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के कुलेसरा में करीब दो साल पहले हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों आमिर और दिलशाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, नकदी, सोना और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं।
28 अगस्त 2024 को हुई थी कुलेसरा में डकैती
जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त 2024 की शाम करीब 7:45 बजे सरस्वती इन्कलेव, कुलेसरा स्थित एक मकान में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोप है कि बदमाशों ने मकान में घुसकर करीब 10 हजार रुपये नकद और कीमती ज्वैलरी लूट ली थी।
बताया गया कि वादी अचानक मौके पर पहुंच गया था। इस दौरान आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे तमंचा और चाकू दिखाकर डराया और मौके से फरार हो गए।
लूट और डकैती के बीच पुलिस के बयान पर उठे सवाल
इस मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई और अब सामने आए खुलासे को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद पुलिस की ओर से इसे लूट बताया गया था और कहा गया था कि वारदात के समय पीड़ित परिवार घर पर मौजूद नहीं था।
उस समय एडिशनल डीसीपी हृदेश कटारिया ने बताया था कि वारदात के दौरान मौके पर चार बदमाश मौजूद थे। इनमें एक बदमाश निगरानी कर रहा था, जबकि तीन बदमाशों ने घर में लूट की घटना को अंजाम दिया था। अब पुलिस के ताजा खुलासे में इसी घटना को डकैती बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया 8-10 सदस्यों का संगठित गिरोह
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के मुताबिक, थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में डकैती की घटना को अंजाम देने वाला गिरोह संगठित तरीके से काम करता है। पुलिस के अनुसार गिरोह में करीब 8 से 10 सदस्य हैं।
यह गिरोह अलग-अलग इलाकों में रैकी करता था और सुनसान जगहों पर बने मकानों को निशाना बनाता था। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में बंद पड़े मकानों की भी रैकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी तथा लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस मुठभेड़ में आमिर और दिलशाद गिरफ्तार
गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया था। टीम द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे दो संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आमिर और दिलशाद को गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान इनके कुछ अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्य दूसरी कार में सवार थे और उनकी तलाश की जा रही है।
बता दे कि डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया है कि गौतमबुद्ध नगर जिले के थाना इकोटेक-3 के अंतर्गत एक संगठित गिरोह द्वारा डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह 8-10 सदस्यों का एक संगठित समूह है, जो अलग-अलग स्थानों पर रैकी करके एकांत में बने घरों को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में भी बंद पड़े मकानों की रैकी कर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
डीसीपी ने बताया कि गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। जिसने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे दो बदमाश आमिर और दिलशाद को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को घायल कर दिया और उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया। मुठभेड़ के दौरान इनके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। अन्य बदमाश दूसरी कार में सवार थे। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है।



























