Ganga Expressway UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को उसके इतिहास के सबसे लंबे और महत्वाकांक्षी एक्सप्रेसवे की सौगात दी है। हरदोई जिले के मल्लावां से 594 किलोमीटर लंबे मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करते हुए पीएम मोदी ने इसे यूपी की आर्थिक ‘लाइफलाइन’ और मां गंगा का आशीर्वाद बताया। करीब 36,320 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह मेगा प्रोजेक्ट पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच एक नई कड़ी की तरह है। यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों और लगभग 518 गांवों को सीधे जोड़ेगा।
यूपी का नया इतिहास, 6-7 घंटे में प्रयागराज
इस एक्सप्रेसवे के खुलने से यातायात का बड़ा संकट हल होगा। अब मेरठ से प्रयागराज की यात्रा मात्र 6 से 7 घंटे में पूरी हो सकेगी। इससे उद्योग, व्यापार और कृषि क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को संगम (प्रयागराज) और काशी (वाराणसी) जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचना काफी आसान और तेज हो जाएगा, जिससे राज्य में धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विपक्ष पर बरसे पीएम, “पहले सिर्फ घोषणाएं होती थीं”
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बिना नाम लिए पिछली सरकारों और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब सड़क बनवाने के लिए लोगों को दशकों का इंतजार करना पड़ता था। पहले सिर्फ घोषणाएं होती थीं और फाइलें वर्षों तक चलती रहती थीं। चुनाव के समय शिलान्यास तो हो जाता था, लेकिन काम पूरा होने का नामोनिशान नहीं होता था।
“डबल इंजन सरकार” का बढ़ाया गला
पीएम मोदी ने कहा कि अब बात बदल चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम शिलान्यास भी करते हैं और उद्घाटन भी। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन सरकार’ (केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार) के तहत योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है और तय समयसीमा में परियोजनाओं को पूरा कर जनता को सौंप दिया जाता है। पीएम मोदी ने यह भी गर्व से बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के आने के बाद उत्तर प्रदेश देश का वह राज्य बन गया है, जहां सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे नेटवर्क मौजूद है। यह राज्य की बदलती बुनियादी ढांचा क्षमता और विकास की तेज गति का जीता-जागता प्रमाण है।





















