मन की बात में पीएम मोदी का महत्वपूर्ण संदेश

पीएम मोदी ने मन की बात में दी अफवाहों से बचने की सलाह

PM Modi Mann Ki Baat :  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात (Mann Ki Baat) के 132वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए वैश्विक हालात, ऊर्जा संकट और राष्ट्रीय एकजुटता पर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है, जहां अलग-अलग क्षेत्रों में जारी युद्ध और संघर्षों ने पेट्रोल-डीजल जैसे ऊर्जा संसाधनों पर गंभीर असर डाला है।

वैश्विक संकट के बीच भारत की स्थिति

पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा कि जिन क्षेत्रों में वर्तमान में युद्ध चल रहा है, वे दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के बड़े केंद्र हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन संकट गहराता जा रहा है। बावजूद इसके, भारत अपने मजबूत वैश्विक संबंधों और पिछले दशक में विकसित क्षमता के बल पर इस चुनौती का डटकर सामना कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि देश एकजुट प्रयासों से इस संकट से भी बाहर निकलेगा।

अफवाहों और राजनीति से बचने की अपील

पीएम मोदी (PM Modi) ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि इस संवेदनशील मुद्दे पर अफवाह फैलाना देश के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस पर राजनीति कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। यह 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है, इसलिए सभी को जिम्मेदारी दिखानी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल सरकारी सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी भ्रामक जानकारी से दूर रहें।

यह भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल में सियासी संग्राम तेज, गिरिराज सिंह ने टीएमसी सरकार को घेरा

खेल जगत में भारत की उपलब्धियां

पीएम मोदी (PM Modi) ने मार्च महीने को खेल प्रेमियों के लिए उत्साह से भरा बताया। भारत की T20 विश्व कप में ऐतिहासिक जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना की। साथ ही जम्मू-कश्मीर की टीम द्वारा पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतने को मेहनत और लगन का परिणाम बताया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के धावक गुलवीर सिंह की भी प्रशंसा की, जिन्होंने न्यूयॉर्क सिटी हाफ मैराथन में तीसरा स्थान हासिल कर नया इतिहास रचा।

जल संरक्षण और ग्रामीण प्रयास

कार्यक्रम में जल संकट पर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी (PM Modi) ने बताया कि देशभर में गांव स्तर पर तालाबों की सफाई, वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के प्रयास तेजी से बढ़ रहे हैं। ‘अमृत सरोवर’ अभियान के तहत लगभग 70,000 जलाशय बनाए जा चुके हैं, जो इस दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

यह भी पढ़ें : पृथ्वी से 560 प्रकाश वर्ष दूर मिला ‘सुपर अर्थ’, वैज्ञानिकों के होश उड़ा देने वाली खोज

फिटनेस और स्वास्थ्य पर जोर

पीएम मोदी (PM Modi) ने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस करीब है और दुनिया भर में योग का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों को चीनी का सेवन कम करने और खाने के तेल में 10% कटौती करने की सलाह दी, ताकि बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।

युवाओं की भागीदारी से राष्ट्र निर्माण

पीएम मोदी (PM Modi) ने MY Bharat जैसे संगठनों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि ‘Budget Quest’ जैसी गतिविधियों में लाखों युवाओं की भागीदारी देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की पहल

‘ज्ञान भारतम सर्वे’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अपनी पांडुलिपियों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी जानकारी साझा करें। इस अभियान के तहत अब तक हजारों दुर्लभ पांडुलिपियां सामने आ चुकी हैं, जो भारत की समृद्ध परंपरा को दर्शाती हैं।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now