Noida News: भाजपा जनपद गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में ‘पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-16’ के तहत 2026 के जिला प्रशिक्षण वर्ग का दो दिवसीय प्रशिक्षण अभियान आज अग्रसेन भवन, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में संपन्न हुआ। इस दौरान आयोजित समापन समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया और उन्हें आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का मंत्र दिया। आज के सत्रों की शुरुआत सातवें सत्र ‘कार्यकर्ता विकास एवं संभाल’ से हुई, जिसे एमएलसी विधायक श्रीचन्द शर्मा ने संबोधित किया। इसके बाद अष्टम सत्र ‘बूथ प्रबंधन एवं मन की बात’ पर प्रदेश मंत्री श्री बसंत त्यागी, नवम सत्र ‘विचार परिवार’ पर क्षेत्रीय महामंत्री डॉक्टर विकास अग्रवाल और दशम सत्र ‘व्यावहारिक एवं देश के समक्ष चुनौतियां एवं नैरेटिव’ पर डॉक्टर महेश शर्मा ने अपने विचार साझा किए।
डॉ. महेश शर्मा ने कहा- पार्टी की विचारधारा अनूठी
प्रशिक्षण वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण सीखने की प्रक्रिया एक सतत प्रक्रिया है। हम पार्टी कार्यकर्ताओं को छोटे-बड़ों से प्रशिक्षण में सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी और अन्य राजनैतिक दलों में अंतर है। हमारी पार्टी को हम माँ मानते हैं। हमारी पार्टी की विचारधारा जन संघ के जमाने से चली आ रही है।” उन्होंने कहा कि पार्टी के महापुरुषों के विचारों और अंत्योदय के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। सरकार सेवा और समर्पण भाव के साथ काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें बाहरी और आंतरिक रूप से सजग रहना होगा। हमारे सिद्धांत भारत माता को परम वैभव तक पहुँचाने के लिये समर्पित हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशोदिया ने किया यूपी की तारीफ
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशोदिया ने कहा कि भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में आने से देवतुल्य कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है। राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का यह बेहतरीन माध्यम है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय से लेकर अटल जी के विचारों को साकार करने के लिए मोदी सरकार देश को मजबूत बनाने के लिये निरंतर काम कर रही है।
उन्होंने राज्य की राजनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अराजक प्रदेश और भ्रष्टाचार प्रदेश बना हुआ था, लेकिन जब योगी जी की सरकार सत्ता में आई, तब से आज उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ बना है। उन्होंने कहा कि आज देश व प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने श्रीचन्द शर्मा का आह्वान करते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और विकास, सेवा एवं सुशासन के संकल्प को साकार करें। जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने प्रशिक्षण वर्ग में आये सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।





















