संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के लुक्सर, खानपुर, सिरसा, सलेमपुर गुर्जर, बागपुर, दादूपुर, नवादा और रोशनपुर गांवों में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से गांव चलो अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा भी मौजूद रहे और ग्रामीणों से संवाद किया।
इस दौरान सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने काफी तेजी से विकास कार्य किए हैं। सरकार की ओर से शहरों के साथ-साथ गांवों में भी विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के कारण अब शहर और गांव के बीच की दूरियां लगभग समाप्त हो गई हैं। सड़कों के निर्माण और बेहतर कनेक्टिविटी से शहरों से गांवों तक पहुंचना आसान हुआ है। इतना ही नहीं, देश के अलग-अलग हिस्सों तक आवागमन भी पहले की तुलना में सुगम हुआ है।
नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील
डॉ. महेश शर्मा ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारी बहुमत के साथ जीत दिलाकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में सहयोग करें, ताकि देश का विकास और तेजी से आगे बढ़ सके।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया अभियान में हिस्सा
गांव चलो अभियान के दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें सांसद प्रतिनिधि जेवर सोनू वर्मा, राहुल पंडित, पंकज कौशिक, मंडल अध्यक्ष दिनेश भाटी, जगदीप नागर, सोविन्दर नेताजी, कुकी चेयरमैन, राजेंद्र प्रधान, जिले सिंह, दीपक नागर, सुमित भाटी, धनपाल प्रधान और प्रेमराज प्रधान समेत कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और सरकार की विकास योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।


























