मीरा रोड: वॉचमैनों से धर्म पूछकर की चाकूबाजी, आरोपी गिरफ्तार

Mumbai News: सिक्योरिटी गार्ड सुब्रतो सेन और राजकुमार मिश्रा पर एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, हमले से पहले आरोपी ने दोनों से उनका धर्म पूछा। इसके बाद उसने उनसे तीन बार 'कलमा' पढ़ने की मांग रखी।

मीरा रोड ब्लेड अटैक: 'कलमा' न पढ़ने पर हुआ हमला

HIGHLIGHTS

  • 'कलमा' नहीं पढ़ा तो चाकू से गोद दिया
  • मीरा रोड में दो वॉचमैन पर जानलेवा हमला, ATS जांच में जुटी
  • मीरा रोड में सिक्योरिटी गार्ड्स पर हमले के बाद ATS की एंट्री
  • मीरा रोड कांड ने उगली आतंकवाद की बदबू
  • मीरा रोड में 2 गार्ड घायल, इलाके में भारी पुलिसबल तैनात

Mumbai News: मीरा रोड इलाके से सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। नया नगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने दो सिक्योरिटी गार्ड्स से पहले उनका धर्म पूछा और जब उन्होंने ‘कलमा’ पढ़ने से इनकार कर दिया, तो उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों गार्ड इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जाने पूरी घटना क्या थी?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह नया नगर इलाके में तैनात सिक्योरिटी गार्ड सुब्रतो सेन और राजकुमार मिश्रा पर एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, हमले से पहले आरोपी ने दोनों से उनका धर्म पूछा। इसके बाद उसने उनसे तीन बार ‘कलमा’ पढ़ने की मांग रखी। जब दोनों गार्ड्स ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी भड़क गया और उसने अपने पास मौजूद चाकू से उन पर हमला बोल दिया।

घायलों में राजकुमार मिश्रा की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है, जिसे तुरंत मीरा रोड स्थित वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, दूसरे घायल सुब्रतो सेन को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।

सीसीटीवी और पुलिस की सक्रियता से हुई गिरफ्तारी

बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही नया नगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया।

कौन है आरोपी और क्यों जुटी ATS?

बता दें कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जैब जुबेर अंसारी (31) के रूप में हुई है। जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जैब मूल रूप से मुंबई के कुर्ला का रहने वाला है और वर्तमान में मीरा रोड में अकेला रह रहा था। सबसे बड़ी बात यह है कि जैब ने साल 2000 में पढ़ाई के सिलसिले में अमेरिका का रुख किया था और लगभग दो दशक बाद वह वर्ष 2019 में भारत वापस लौटा था।

हमले की संवेदनशीलता और आरोपी के अमेरिका जाने के बैकग्राउंड को देखते हुए मामले की जांच अब राज्य इंटेलिजेंस और एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) के हाथों में सौंप दी गई है। ATS आरोपी की मानसिक स्थिति, सोशल मीडिया एक्टिविटी, सामाजिक संपर्कों और आपराधिक इतिहास को कई अंगों से काटकर खंगाल रही है, ताकि इस हमले के पीछे की असली साजिश या मंशा सामने आ सके।

इलाके में तनाव और पुलिस का अलर्ट

बता दें कि इस वारदात के बाद से पूरे मीरा रोड और नया नगर इलाके में सनसनी फैल गई है। किसी भी तरह के सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए पुलिस ने इलाके में भारी पुलिसबल तैनात कर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

वहीं, इस घटना के विरोध में कई हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ता नया नगर पुलिस थाने के बाहर जमा हो गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी को फांसी की सजा दी जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो।

विरोध प्रदर्शन को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। पुलिस ने स्थानीय निवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now