नवी मुंबई में बड़े ठगी और यौन शोषण का खुलासा

आदर्श म्हात्रे के कारनामों ने मचाई सनसनी (फाइल फोटो)

Mumbai News: महाराष्ट्र के नासिक में ‘भोंदू बाबा’ अशोक खरात की घिनौनी करतूतों के मामले का हल्का सा शोर भी अभी ठंडा नहीं हुआ था कि अब नवी मुंबई से एक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यह मामला सिर्फ ठगी और यौन शोषण से जुड़ा नहीं है, बल्कि पूरी तरह से महिलाओं के प्रति शातिर धोखाधड़ी और मानसिक शोषण की दास्तान है, जिसने राज्यभर में दहशत फैला दी है।

बता दें कि आदर्श म्हात्रे (35) नामक एक शातिर जालसाज ने करीब 40 महिलाओं को अपनी हवस और लालच का शिकार बनाया है। आरोपी ने खुद को कभी ‘इसरो’ का वैज्ञानिक, कभी IPS और IAS अधिकारी बताया और इस तरह महिलाओं को विश्वास में लेकर उन्हें झांसे में फंसा लिया। आदर्श का तरीका इतना सुनियोजित था कि अच्छी-खासी पढ़ी-लिखी महिलाएं भी उसके धोखे का शिकार हो गईं। इस सिलसिले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन जो सच्चाई सामने आई है, वह हर किसी को हैरान कर देने वाली है।

कैसे काम करता था आदर्श म्हात्रे?

बता दें कि आदर्श का मुख्य निशाना उन महिलाओं को बनाना था जो तलाकशुदा, विधवा या अविवाहित थीं और आर्थिक रूप से स्वतंत्र थीं। वह वैवाहिक वेबसाइट्स पर ऐसी महिलाओं की तलाश करता था जिनकी सालाना आय 25 से 35 लाख रुपये के बीच होती थी। अपनी छवि को आकर्षक बनाने के लिए वह लग्जरी कारों में घूमता था और महिलाओं से मिलने के लिए हमेशा ‘फाइव स्टार’ होटलों का चयन करता था। खुद को सरकारी अधिकारी बताकर वह सबसे पहले इन महिलाओं का विश्वास जीतता और फिर धीरे-धीरे उन्हें प्रेम जाल में फंसा लेता था। एक बार जब महिला पूरी तरह से उसके प्रभाव में आ जाती, तब वह भावनात्मक दबाव बनाता और उन्हें अपने नाम पर बडे़ लोन लेने के लिए मजबूर करता।

यह भी पढ़ें : दिल्ली:मोहन गार्डन में कूड़ा गाड़ियां महीनों से गायब

करोड़ों की ठगी, गोवा में ऐश

बता दें कि कभी-कभी तो वह महिलाओं को 35 से 40 लाख रुपये तक का बैंक लोन लेने के लिए उकसाता और एक बार लोन मिल जाने पर वह पूरी राशि अपने रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर देता। इसके बाद वह गोवा जैसे पर्यटन स्थलों पर ऐश-मौज करने के लिए निकल जाता और महिला से सभी संपर्क तोड़ लेता था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक करीब 40 महिलाओं ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन डर के कारण 50 से अधिक महिलाएं अब तक सामने नहीं आई हैं।

आरोपी के जाल का विस्तार

नवी मुंबई पुलिस की जांच में यह सामने आया कि आदर्श महज नवी मुंबई तक सीमित नहीं था। वह ठाणे, पुणे, नागपुर, नांदेड़, नासिक, और कर्नाटक जैसे पड़ोसी राज्यों में भी सक्रिय था। वह कई फर्जी नामों से अपनी प्रोफाइल चलाता था जैसे स्वप्निल वारुल, हेमंत गायकेर, और रुद्रेश गोंधली, ताकि उसका असली चेहरा किसी को न पहचान में आए। उसकी चालाकी और धोखाधड़ी के तरीके को देखते हुए पुलिस ने आम नागरिकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे वैवाहिक साइट्स पर मिले किसी भी शख्स की पृष्ठभूमि की पूरी तरह से जांच किए बिना किसी प्रकार का वित्तीय लेन-देन या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

पुलिस की चेतावनी

पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे ऑनलाइन डेटिंग या वैवाहिक वेबसाइट्स पर मिले किसी भी व्यक्ति से जल्दबाजी में कोई समझौता या लेन-देन न करें। यह मामला महिलाओं के लिए एक बड़ा सबक है कि ऑनलाइन जालसाजी से बचने के लिए अधिक सतर्क रहना जरूरी है। पुलिस ने महिलाओं से भी आग्रह किया कि यदि वे किसी शख्स से परेशान हों या किसी तरह के धोखाधड़ी का शिकार हुई हों, तो वे बिना किसी झिझक के तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now