Women Reservation: भाजपा द्वारा महिला आरक्षण विधेयक में रोड़ा अटकाने के आरोपों के बीच, महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर वार तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को तुरंत लागू करने की मांग को लेकर गुरुवार को दिल्ली महिला कांग्रेस ने एक विशेष पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की।
दरअसल, लोकसभा से नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन बिल खारिज होने के बाद से भाजपा लगातार कांग्रेस पर ‘महिला विरोधी’ होने का आरोप लगा रही है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस ने संशोधन बिल गिरवाकर महिला आरक्षण लागू होने के रास्ते में रोड़ा अटका दिया है। इसके जवाब में महिला कांग्रेस भी भाजपा पर पलटवार करते हुए इस बिल को लटकाने का ठीकरा सत्ता पक्ष के सिर फोड़ रही है।
2 महीने तक चलेगा देशव्यापी अभियान
दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देशन और राहुल गांधी के आह्वान पर यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि आज से दिल्ली के गोल डाक खाने से इस पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत हुई है। यह अभियान अगले दो महीने तक पूरे देश में चलेगा।
पुष्पा सिंह ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि दिल्ली में लगभग 14,000 बूथ हैं। प्रत्येक बूथ से 1000-1000 पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे जाएंगे। इन पोस्टकार्ड के जरिए हमारी एक ही मांग होगी कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तुरंत प्रभावी किया जाए।
लोकसभा की 180 सीटों की तुरंत मांग की
महिला कांग्रेस ने अपनी मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा कि लोकसभा की कुल 543 सीटों में से 33% यानी 180 सीटों को तुरंत महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाए, ताकि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
मोदी सरकार पर लगा ‘गुमराह’ करने का आरोप
मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए पुष्पा सिंह ने कहा कि सरकार महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पूछा कि जब 2023 में बिल पास होते समय ही शर्त लगा दी गई थी कि नई जनगणना और परिसीमन के बाद ही आरक्षण लागू होगा, तो अब इसमें संशोधन की क्या जरूरत आई?
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री 2029 में अपनी कुर्सी बचाने के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाकर यह बिल लागू करना चाहते हैं। यदि सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर ही आरक्षण देने पर विचार कर रही है, तो उसे अभी तुरंत लागू कर देना चाहिए, ताकि आने वाले चुनावों में महिलाओं को इसका फायदा मिल सके।
कांग्रेस ने गिनाए अपने योगदान, भाजपा पर रोड़ा अटकाने का आरोप
भाजपा पर हमला जारी रखते हुए पुष्पा सिंह ने कहा कि पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की देन है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि दिल्ली नगर निगम (MCD) में 50% महिला आरक्षण कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार ने दिया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से महिलाओं को आगे बढ़ाया है, जबकि भाजपा हमेशा से महिलाओं के अधिकारों के रास्ते में रोड़ा अटकाती आई है। इस बार भी संशोधन बिल लाकर भाजपा ने महिला आरक्षण को फिर से लटका दिया है। उन्होंने कहा कि यह पोस्टकार्ड अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि सरकार महिलाओं को उनका अधिकार नहीं दे देती।

























