Virat Kohli 9000 IPL Runs: भारतीय क्रिकेट के ‘दिग्गज’ विराट कोहली ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अपने होमग्राउंड (दिल्ली) के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलते हुए किंग कोहली ने आईपीएल के इतिहास में एक ऐसा मुकाम हासिल किया, जिसे शायद ही कोई और जल्दी छू पाए। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच में विराट ने अपने 9000 आईपीएल रन पूरे कर लिए। वह टूर्नामेंट के इतिहास में यह अनोखा कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
कोहली की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और जोरदार तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पहले से ही विराट के नाम है, लेकिन इस बार उन्होंने एक ऐसा आंकड़ा छुआ है जो दूसरे बल्लेबाजों के लिए एक सपना बनकर रह गया है।

12 गेंदों में पूरे किए 9000 रन, फिर बिखेरा जलवा
विराट ने यह खास मुकाम हासिल करने के लिए काफी संयम के साथ बैटिंग की। उन्होंने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर खींचकर एक रन लेकर इस जादुई आंकड़े (9000) को छुआ। 11 रन बनाने के लिए किंग कोहली ने 12 गेंदों का सामना किया, जिसमें एक चौका और बाकी रन दौड़कर बनाए।
हालांकि, जैसे ही 9 हजार रन पूरे होने का आंकड़ा आया, कोहली ने अपनी आक्रामक अंदाज में वापसी की। उन्होंने ताबड़तोड़ बैटिंग शुरू कर दी और जबरदस्त दो छक्के लगाकर आरसीबी को तेजी से जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। कोहली 15 गेंद में 23 रन बनाकर नाबाद रहे।
81 गेंद पहले जीती बेंगलुरु, दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत
बता दें कि इस मैच में आरसीबी की जीत इतनी आसान थी कि टीम ने 81 गेंद (13.3 ओवर) शेष रहते ही 9 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। गेंदें शेष रहने के लिहाज से आईपीएल की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। कोहली के अलावा देवदत्त पडिक्कल ने महज 13 गेंद में 34 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि जैकेब बेथेल ने 11 गेंद में 20 रन जोड़े।
दिल्ली की शर्मनाक पारी और पावरप्ले का ‘शर्मनाक’ रिकॉर्ड
आरसीबी की इस आसान जीत के पीछे उसके गेंदबाजों का जबरदस्त प्रदर्शन रहा। पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम जोश हेजलवुड (4 विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (3 विकेट) की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और महज 75 रनों पर ढेर हो गई।
दिल्ली ने इस मैच में पावरप्ले (पहले 6 ओवर) का सबसे कम स्कोर बनाने का एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 13 रन ही बोर्ड पर लगा सकी। इससे पहले आईपीएल हिस्ट्री में पावरप्ले में सबसे निचला स्कोर 14 रनों का था।
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज:
- विराट कोहली – 9012 रन
- रोहित शर्मा – 7183 रन
- शिखर धवन – 6769 रन
- डेविड वॉर्नर – 6565 रन
- केएल राहुल – 5580 रन
विराट कोहली के बल्ले से निकले 9000 रन आईपीएल को एक नए उत्साह से भर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि ‘किंग कोहली’ इस सीजन में इस आंकड़े को और कहां तक पहुंचाते हैं।


























