IPL 2026: आईपीएल 2026 के दौरान दिल्ली कैपिटल्स (DC) के ट्रेनिंग सेशन में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। टीम के एक युवा नेट गेंदबाज के चेहरे पर तेज गेंद लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही खून बहने लगा, जिसके बाद उसे तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
अभ्यास के दौरान हुआ भयान हादसा
बता दें कि यह घटना अरुण जेटली स्टेडियम में हुई है और जहां दिल्ली कैपिटल्स अपने अगले मैच की तैयारियों में जुटी हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेट प्रैक्टिस के दौरान बैट्समैन द्वारा खेली गई एक तेज रफ्तार गेंद सीधे युवा गेंदबाज के चेहरे पर जा लगी। गेंद के लगते ही वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ा और उसके चेहरे से खून निकलने लगा। गेंदबाज तेज दर्द से कराह रहा था।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स की मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अभी तक फ्रेंचाइजी की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिसके चलते घायल गेंदबाज की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
IPL 2026 में दिल्ली की अब तक की रफ्तार
इस हादसे के बीच दिल्ली कैपिटल्स का इस सीजन में प्रदर्शन रहस्यमयी रहा है। टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस (MI) को धूल चटाई। लेकिन इसके बाद टीम लगातार उतार-चढ़ाव का शिकार होती गई। गुजरात टाइटंस के खिलाफ टीम को आखिरी गेंद पर करारी हार मिली, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हाथों भी उसे शिकस्त झेलनी पड़ी। हालांकि, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ करीबी मुकाबले में जीत दर्ज कर टीम ने उम्मीदें बनाईं, लेकिन अगले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने उसे हरा दिया। अब तक खेले गए 6 मैचों में दिल्ली कैपिटल्स के खाते में 3 जीत और 3 हार दर्ज है। टीम 6 अंकों के साथ आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर काबिज है।
दिल्ली के सामने अब पंजाब किंग्स की कड़ी चुनौती
अब दिल्ली कैपिटल्स के सामने अपने होमग्राउंड (अरुण जेटली स्टेडियम) पर पंजाब किंग्स (PBKS) की टीम है, जो इस समय लगातार अपनी धमाकेदार प्रदर्शन के कारण टेबल टॉपर बनी हुई है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब की टीम ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में उसने जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही बेहद शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में नेट गेंदबाज के इस हादसे ने टीम के माहौल पर थोड़ा भारी पड़ा है और मजबूत पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है। क्रिकेट जगत से घायल गेंदबाज के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

























