Delhi News: दिल्ली में नशे और संगठित अपराध के खिलाफ दिल्ली पुलिस का बड़ा अभियान ‘ऑपरेशन कवच-13.0’ सामने आया है। पिछले 48 घंटों में दिल्ली पुलिस ने एक साथ 3211 स्थानों पर छापेमारी कर एक रिकॉर्ड कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के साथ 267 ड्रग्स तस्करों समेत करीब 1300 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह विशेष अभियान 29 मार्च शाम 6 बजे से 31 मार्च शाम 6 बजे तक लगातार 48 घंटे तक चला। इसमें दिल्ली के सभी 15 जिलों के साथ-साथ क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल की 1000 से अधिक टीमें समन्वय के साथ लगी हुई थीं।
ये रहे ऑपरेशन कवच के प्रमुख आंकड़े
- ड्रग्स तस्करी (NDPS एक्ट): 229 मामले दर्ज कर 267 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 100 किलो गांजा, 1.170 किलो कोकीन, 260 ग्राम हेरोइन और 179 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया।
- अवैध शराब (आबकारी एक्ट): 416 मामलों में 429 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 77,000 से ज्यादा अवैध शराब के क्वार्टर जब्त किए गए।
- हथियार (आर्म्स एक्ट): 259 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 19 पिस्टल, 42 देसी कट्टे, 191 चाकू और कारतूस बरामद किए गए।
- अन्य अपराध: जुआ एक्ट के तहत 528 लोगों को पकड़ा गया। इसके अलावा 59 घोषित अपराधी (Proclaimed Offenders) और 42 वाहन चोर भी पुलिस के शिकंजे में आए।
पूरे नेटवर्क को खत्म करने पर फोकस
स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने इस अभियान की सफलता पर जानकारी देते हुए बताया कि ‘ऑपरेशन कवच’ का उद्देश्य सिर्फ छोटे ड्रग्स तस्करों को पकड़ना नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य पूरे सप्लाई नेटवर्क को खत्म करना है।
यह भी पढ़ें : Shaktipeeth of Maa Durga: देश दुनिया में मां दुर्गा के 51 शक्तिपीठ
उन्होंने बताया कि पुलिस ‘टॉप-टू-बॉटम’ (शीर्ष से नीचे तक) और ‘बॉटम-टू-टॉप’ (नीचे से शीर्ष तक) की दोहरी रणनीति के तहत सप्लायर, कैरियर और बड़े सिंडिकेट्स पर एक साथ शिकंजा कस रही है।
बदल रहे तस्करों के तरीके, पुलिस भी चौकस
लिस (क्राइम) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने एक अहम बात का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के चलते बड़े ड्रग्स तस्कर अब भूमिगत (Underground) हो गए हैं। वे दिल्ली के बाहर अपने स्टोरेज (गोदाम) बनाकर छोटे-छोटे कंसाइनमेंट के जरिए दिल्ली में सप्लाई करने लगे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस इन बदलते तरीकों पर पूरी नजर बनाए हुए है और जल्द ही ऐसे गोदामों को भी नेस्तनाबूद किया जाएगा।
स्पेशल सीपी ने स्पष्ट किया कि दिल्ली पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ (शून्य सहिष्णुता) नीति के तहत नशे और अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर सख्ततम कार्रवाई की जाएगी।





















