UP News: भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर दलितों और वंचितों के मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने और ‘घड़ियाली आंसू बहाने’ का आरोप लगाया।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ स्वार्थी ताकतें अपने राजनीतिक हितों के लिए बाबा साहेब के प्रकाश को हड़पने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा, “जिन लोगों को दलितों, वंचितों, गरीबों और महिलाओं से हमेशा से नफरत रही है, वही आज उन्हें झुनझुना पकड़ाकर गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष सिर्फ घड़ियाली आंसू बहाने का काम कर रहा है।”

नाम बदलने के मुद्दे पर उठाए सवाल
सीएम योगी ने विपक्ष पर सामाजिक न्याय के पुरोधाओं का अपमान करने और उनके रास्ते बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने पिछली सरकारों के समय के कथित फैसलों को याद कराते हुए तीखे सवाल खड़े किए। योगी ने पूछा, “बाबा साहेब और सदगुरु रविदास महाराज के नाम पर बने जिले का नाम बदलने का काम किसने किया? देश के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान केजीएमयू (KGMU) का नाम क्यों बदला गया? इसके अलावा भाषा विश्वविद्यालय और कन्नौज के मेडिकल कॉलेज के नाम बदलने का फैसला किसने लिया?”
‘चांदी के चम्मच वालों ने समझी नहीं गरीबों की पीड़ा’
विपक्ष पर हमलावर तेवर अपनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो लोग आज बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, वही पहले दलितों और वंचितों के अधिकारों को कुचलने का काम करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने गरीबों और दलितों के हक पर डकैती डाली और उन्हें जमीन के पट्टों के अधिकारों से भी वंचित रखा। योगी ने कहा, “यह वही लोग हैं जो चांदी के चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। इन्होंने कभी भी गरीबों और वंचितों की पीड़ा को समझने की कोशिश नहीं की।”
सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
दलितों और वंचितों के मुद्दों पर विपक्ष को घेरने के बाद सीएम योगी ने अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सामाजिक न्याय और दलितों के अधिकारों को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बता दें कि देशभर में बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती के मौके पर राजनीतिक दलों के बीच दलित राजनीति और सामाजिक न्याय को लेकर बयानबाजी काफी तेज हो गई है। ऐसे में सीएम योगी का यह बयान विपक्ष को मुश्किल में डालने और दलित वोटबैंक को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
























