Noida Environmental Protection News: देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को साकार करते हुए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाते हुए,भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने आज एक महत्वपूर्ण पहल की है। आज गुरुवार को उन्होंने पार्टी कार्यालय के लिए अपने आवागमन में इलेक्ट्रिक वाहन (Electric Vehicle) का प्रयोग शुरू कर दिया है।
जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने यह कदम पेट्रोल और डीजल की बचत करने तथा पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से उठाया है। उन्होंने न केवल खुद को बदलाव का हिस्सा बनाया, बल्कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी इस अभियान से जोड़ा।

कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष शर्मा ने सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल या सार्वजनिक वाहन (Public Transport) का प्रयोग करना चाहिए।
स्वयं भी करेंगे पालन
अपने निर्देशों को व्यावहारिक रूप देते हुए अभिषेक शर्मा ने घोषणा की कि वे स्वयं भी सप्ताह में एक दिन साइकिल से यात्रा करेंगे या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि आज से डीजल और पेट्रोल की बचत के लिए उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
देश होगा आर्थिक रूप से मजबूत
अभिषेक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि अगर ऐसा हम सभी भारतीय करेंगे, तो निश्चित रूप से डीजल और पेट्रोल ईधन की बचत होगी। ईधन की बचत से विदेशों में जा रही हमारी मुद्रा बचेगी, जिससे आर्थिक रूप से भारत और भी मजबूत होगा। यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘ग्रीन एनर्जी’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा को धरातल पर उतारने का एक प्रयास है। जिलाध्यक्ष के इस फैसले से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ है।





















