संध्या समय न्यूज
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नांगलोई इलाके में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहाँ एक तेज रफ्तार DTC बस ने कई वाहनों को रौंदते हुए तीन लोगों की जान ले ली। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने बस को आग के हवाले कर दिया और चालक व परिचालक समेत अन्य बसों पर हमला कर दिया।
जाने कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, हादसा बाहरी दिल्ली स्थित नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर हुआ। एक DTC बस तेज रफ्तार में बेकाबू हो गई। बस ने पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी, जिसके बाद उसने एक स्कूटी सवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक की पहचान निहाल विहार निवासी रविकांत शर्मा के रूप में हुई है।
भीड़ ने किया हिंसक प्रदर्शन
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने तुरंत बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। गुस्साई भीड़ ने सिर्फ उस बस पर ही हमला नहीं किया, बल्कि मौके पर मौजूद अन्य बसों की भी तोड़फोड़ की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग बसों के शीशे तोड़ रहे हैं और एक बस में धधकती हुई आग दिखाई दे रही है। इस दौरान भीड़ ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को भी बुरी तरह पीटा।
क्रिकेट की जीत पर बॉलीवुड सितारों का खुशी का जश्न, सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं
वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
हादसे के बाद सामने आए वीडियो में एक दर्दनाक मंजर देखने को मिला है। एक व्यक्ति बस के नीचे घायल अवस्था में फंसा हुआ है और उसके चारों तरफ खून फैला हुआ है। लोग उसे बस के नीचे से निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं। एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति आवाज लगाकर लोगों को नांगलोई रोड से बचने की सलाह देते हुए कह रहा है कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और पूरा इलाका जाम है।





















