UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस ने ऐसे शातिर अपराधी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसके सरगना ने सोशल मीडिया पर ‘तांत्रिक’ बनकर लोगों को भ्रमित कर रखा था। इंस्टाग्राम पर भूत-प्रेत का इलाज करने वाले और ‘संत दयानंद महाराज’ के नाम से प्रसिद्ध इस शख्स की हकीकत बेहद खतरनाक निकली। यह ‘तांत्रिक’ असल में प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाला एक बड़ा तस्कर था।
एलआईसी स्कूल के सामने दबिश, तीन गिरफ्तार
सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एलआईसी स्कूल के सामने छापा मारकर इस गिरोह को रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने मौके से तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी बॉबी उर्फ संत दयानंद महाराज, उसका सगा भाई विवेक चौहान और उनका मकान मालिक मुकेश कुमार श्रीवास शामिल हैं। ये लोग किराए के मकान में रहकर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त और डिलीवरी का काला कारोबार चला रहे थे।
इंस्टाग्राम पर था हजारों फॉलोअर्स, वीडियो में छिपता था हथियारों का राज
गिरफ्तार बॉबी कोई आम अपराधी नहीं था। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव था और उसके इंस्टाग्राम पेज पर हजारों फॉलोअर्स थे। वह अपने रील्स और वीडियो में तंत्र-मंत्र, मसान, भूत-प्रेत और शैतान के निवारण का दावा करता था। पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस रूहानी चेहरे के पीछे एक बेहद खूंखार मानसिकता छिपी थी। बॉबी तांत्रिक बनकर अपनी पहचान छुपाता था और इसी आड़ में वह पूरे यूपी में अवैध हथियारों की सप्लाई का बड़ा नेटवर्क चला रहा था।
भारी मात्रा में ऑटोमेटिक हथियार और कैश बरामद
पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था। पुलिस ने इनके कब्जे से एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। जब्त माल में 32 बोर की एक रिवॉल्वर, एक अवैध पिस्टल, 12 बोर का एक तमंचा, एक 12 बोर का अधिया तमंचा, दो 315 बोर के तमंचे, 122 जिंदा और खोखा कारतूस शामिल हैं।
इसके अलावा, 5 रामपुरी चाकू, 2.87 लाख रुपये नकद, सोने की 5 अंगूठियां, चांदी के सिक्के, ब्रेसलेट और 4 मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से शहर में अपराधियों को हथियार पहुंचाने की एक बड़ी कड़ी टूटी है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि ये लोग सुनियोजित तरीके से काफी समय से इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे थे।






















