ऋषी तिवारी
Lokmata Ahilyabai Holkar Mahila Samman 2026 : देश की महिला शक्ति के सम्मान और उनकी उपलब्धियों को समर्पित ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला सम्मान 2026’ के पांचवें संस्करण का भव्य आयोजन राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में किया गया। इस प्रतिष्ठित समारोह में पद्मश्री अनुराधा पौडवाल, टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री रुपाली गांगुली, फिल्म अभिनेत्री तनिषा मुखर्जी और समाजशीली शालिनी पासी सहित देशभर की 65 प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कमला पावर वुमन ने लिया सहयोग
कमला पावर वुमन के सहयोग और निदर्शना गोवानी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को पहचान देना है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद अपने साहस, नवाचार और नेतृत्व के माध्यम से समाज में अहम योगदान दिया है। यह पुरस्कार न केवल महानगरों, बल्कि टियर-2 और टियर-3 शहरों की महिलाओं के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर और दिव्यांग पृष्ठभूमि से आने वाली महिलाओं के काम को भी प्रोत्साहित करता है।
विशिष्ट अतिथियों ने किया सम्मान
इस अवसर पर कई बड़े विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि के रूप में रहे। इसके अलावा सांसद मनोज तिवारी, अर्जेंटीना के राजदूत एच.ई. मारियानो काउसीनो, बेनीन गणराज्य के राजदूत एच.ई. एरिक जीन-मैरी जिन्सू तथा दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा की पत्नी श्रीमती स्वाति सिंह वर्मा ने भी शिरकत की।
गोविंदा-सुनीता की 39 साल पुरानी शादी में दरार? बेटी टीना ने खोला राज
नामी हस्तियों के साथ जमीनी कार्यकर्ताओं को भी मिला सम्मान
इस वर्ष कुल 65 महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिनमें डॉ. जय मदान और रूपा अय्यर जैसी प्रसिद्ध हस्तियाँ शामिल थीं। वहीं, मणिपुर की जैग्याश्री सोइबम, महाराष्ट्र की मौली अदकुर, जम्मू-कश्मीर की आरिफा जान, वृंदावन की रेनुका गोस्वामी और बिहार की डी. आलिया जैसी जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाओं को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान से मीडिया, पत्रकारिता, सार्वजनिक सेवा, कानून, शिक्षा, उद्यमिता, खेल और कला जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को नवाजा गया।
‘नारी शक्ति’ का हुआ उत्सव
आयोजन के दौरान निदर्शना गोवानी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेरित ‘नारी शक्ति’ की भावना से प्रेरणा लेते हुए कमला फाउंडेशन महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सम्मान उन महिलाओं को समर्पित है जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।” पांचवें संस्करण के सफल आयोजन के साथ लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला सम्मान ने एक बार फिर भारत की महिलाओं की शक्ति, साहस और उपलब्धियों का उत्सव मनाया है।


















