संध्या समय न्यूज
UP News : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में चैत्र नवरात्र मेले की शुरुआत से ठीक पहले सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी क्षेत्र में विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर के प्रवेश द्वार और आसपास के इलाकों में ‘गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित’ और ‘केवल हिंदुओं को रोजगार’ लिखे विवादित पोस्टर पाए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोस्टरों को हटवाते हुए 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विवादित पोस्टरों से मचा हलचल
बता दें कि मिर्जापुर थाना क्षेत्र में स्थित मां शाकम्भरी देवी मंदिर के आसपास लगाए गए इन पोस्टरों में धार्मिक आधार पर रोजगार देने और प्रवेश पर पाबंदी जैसी विवादित बातें लिखी थीं। यह पोस्टर सामने आते ही क्षेत्र में हलचल फैल गई और सोशल मीडिया के माध्यम से यह खबर तेजी से चर्चा में आ गई। माहौल संवेदनशील होते देख प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें : भाजपा की पहली लिस्ट जारी: 144 उम्मीदवारों में सुवेंदु अधिकारी दो सीटों से मैदान में
पुलिस ने लिया सख्त संज्ञान, दर्ज हुई एफआईआर
इस पूरे प्रकरण पर एसपी देहात सागर जैन ने स्पष्ट कहा है कि कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 मार्च को इस बारे में सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तुरंत सभी आपत्तिजनक पोस्टरों और बैनरों को हटवा दिया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
नवरात्र मेले को देखते हुए बढ़ी सुरक्षा
चैत्र नवरात्र मेला शुरू होने वाला है, ऐसे में प्रशासन ने संभलने की मुद्रा ले ली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने की कोशिश जारी है। इसी बीच, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।



















