नोएडा: श्रीराम कथा में गूंजा शिव-पार्वती विवाह का दिव्य प्रसंग

सेक्टर-82 में शिव-पार्वती विवाह के दिव्य प्रसंग से उमड़ा जनसागर

Noida News: श्रीराम कथा के बीच भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का दिव्य और भावपूर्ण वर्णन सुनकर नोएडा शिव भक्ति में पूरी तरह से डूब गया। सेक्टर-82 स्थित सेंट्रल पार्क (पॉकेट-7) में चल रही श्रीराम कथा के दूसरे दिन कथा व्यास अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानंद महाराज के मुखारबिंद से निकले शिव-पार्वती विवाह के रोचक प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बचपन से संकल्प तक की थी कथा

कथा के दौरान स्वामी पंचमानंद महाराज ने बताया कि कैसे हिमालयराज की पुत्री पार्वती ने बचपन से ही भगवान शिव को पति रूप में पाने का अटूट संकल्प लिया। बढ़ती उम्र के साथ उनकी भक्ति और दृढ़ होती गई। देवताओं के कहने पर भी जब शिव विवाह के लिए तैयार नहीं हुए, तो माता पार्वती ने कठोर तपस्या का रुख किया। उनके अदम्य समर्पण और भक्ति से प्रसन्न होकर भोलेनाथ ने विवाह के लिए सहमति दी।

अनोखी बारात और मैना की घबराहट

कथा का सबसे आकर्षण वह पल था, जब भगवान शिव भस्म रमाए, भूत-प्रेतों और गणों के साथ अपनी अनूखी बारात लेकर हिमालयराज के द्वार पहुंचे। दूल्हे के इस अलौकिक और विचित्र स्वरूप को देखकर माता मैना घबरा गईं और उन्होंने विवाह से इंकार कर दिया। हालांकि, देवताओं और ऋषियों के समझाने के बाद जब उन्हें भगवान शिव की अमर्यादित महिमा का बोध हुआ, तो उन्होंने इस दिव्य विवाह को स्वीकार किया। विवाह के दौरान देवताओं द्वारा की गई पुष्पवर्षा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

यह भी पढ़ें : धुरंधर 2 की ऐसे ही सफलता से रणवीर सिंह बन सकते है नंबर वन हीरो

विल्वपत्र से होती है शिव की शीघ्र प्रसन्नता

कथा के अंत में महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देते हुए कहा कि भगवान शिव बहुत ही भोले और कृपालु हैं। उन पर श्रद्धा और आस्था के साथ विल्वपत्र अर्पित करने मात्र से वे शीघ्र प्रसन्न हो जाते हैं और भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करते हैं। उन्होंने लोगों से निर्मल भाव से शिव की आराधना का आह्वान किया।

31 मार्च को होगा भव्य राम जन्मोत्सव

श्रीराम कथा आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी देवमणि शुक्ल ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी 31 मार्च को इस कथा के दौरान ‘नारद मोह’ की कथा के साथ ही भगवान श्रीराम का भव्य जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए समिति द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

Rishi Tiwari

ऋषी तिवारी (Rishi Tiwari) वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली एनसीआर में एपीएनएस न्यूज ऐजेंसी लंबे समय तक सेवाएं देने के पश्चात सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ अपनी नई पत्रकारिता पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षो से से जुड़े रहकर निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now