UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोमवार दोपहर एक विनाशकारी हादसा हुआ, जिसमें फाफामऊ इलाके में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 20 मजदूर मलबे के नीचे दबे हुए हैं। घटना के बाद मची अफरातफरी में जहरीली अमोनिया गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया।
बिल्डिंग भरभराकर गिरी
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को लगभग डेढ़ बजे आदर्श कोल्ड स्टोरेज में पहले एक जोरदार धमाका सुनाई दिया, इसके तुरंत बाद बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके की वजह से इमारत का लगभग 1500 स्क्वायर फीट हिस्सा पूरी तरह ढह गया, जिसके नीचे दर्जनों मजदूर दब गए।
यह भी पढ़ें : सेंसेक्स की बड़ी फिसल: 5 बड़े कारणों से बाजार में मची खलबली
रेस्क्यू और राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से 5 जेसीबी (JCB) मशीनों से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक 9 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है, जिन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया है। प्रयागराज के डीएम मनीष वर्मा ने बताया कि 8 लोगों को अस्पताल भेजा गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे एसआरएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक मजदूर का दावा है कि उन्होंने 6 लोगों को निकाला, जिसमें 5 लाशें थीं। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अमोनिया गैस का खतरा
हादसे के सबसे बड़े नुकसान में से एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव है। गैस की तेज बदबू लगभग 1 किलोमीटर के दायरे में फैल गई है, जिससे इलाके में दहशत फैली हुई है। लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है और अधिकतर लोगों ने सुरक्षा के लिए अपने मुंह पर कपड़े (रुमाल, गमछा) बांध लिए हैं।

यह भी पढ़ें : जाने, गर्मी में बिना चाकू लगाए ‘मीठा और लाल’ तरबूज पहचानने का आसान तरीका
सियासत और आरोप
ढही हुई इमारत ‘आदर्श कोल्ड स्टोरेज’ सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद की बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर और अंसार अहमद के परिवार के कई सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। घटना को लेकर आक्रोशित भीड़ ने पुलिस का विरोध भी किया। प्रशासन ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच कराने की घोषणा की है और रेस्क्यू पूरा होने के बाद आधिकारिक आंकड़े सामने आने की संभावना है।

























