Idyllwild Dog Unknown Story: राजनीति के शोरशराबे, चुनावी तनाव और वादों-विवादों से दूर कैलिफोर्निया का एक छोटा सा पहाड़ी कस्बा ‘इडिलविल्ड’ (Idyllwild) दुनिया का एक अनोखा उदाहरण है। यहां साल 2012 से मेयर की कुर्सी किसी इंसान की नहीं, बल्कि ‘गोल्डन रिट्रीवर’ (Golden Retriever) नस्ल के कुत्तों के नाम है। इस कस्बे ने अपनी इस अनोखी परंपरा से दुनियाभर में एक अलग पहचान बनाई है।
मजाकिया आइडिया बना सफल परंपरा
इस अनोखी परंपरा की शुरुआत दरअसल साल 2012 में एक मजाकिया, लेकिन नेक इरादे से हुई थी। स्थानीय पशु संरक्षण समूह के लिए फंड जुटाने हेतु एक चैरिटी इवेंट का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों से अपने पसंदीदा उम्मीदवार के नाम पर दान करने को कहा गया। इस दौरान ‘मेयर मैक्स’ नाम के कुत्ते को सबसे ज्यादा वोट मिले और वह इस पद पर विजयी हो गया। तभी से यह परंपरा लगातार जारी है और आज भी यहां कुत्ते ही इस पद पर काबिज हैं।
कोई अधिकार नहीं, लेकिन प्रभाव बहुत
आपको शायद यह जानकर हैरानी होगी कि इन ‘डॉग मेयर्स’ के पास कोई आधिकारिक प्रशासनिक अधिकार नहीं है। फिर भी, इनका प्रभाव किसी इंसानी नेता से कम नहीं है। वे शहर के स्थानीय आयोजनों में शिरकत करते हैं, पर्यटकों का स्वागत करते हैं और कस्बे के चेहरे के रूप में काम करते हैं। समय के साथ ये मेयर शहर की पहचान बन गए हैं और लोगों के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बूस्ट
इस अनोखे आइडिया का सबसे बड़ा फायदा स्थानीय पर्यटन को हुआ है। दुनियाभर से लोग सिर्फ इस खास मेयर से मिलने और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए इडिलविल्ड पहुंचते हैं। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार और होटल इंडस्ट्री पर पड़ा है, जिसे काफी बढ़ावा मिला है। शहर में घूमते हुए ये डॉग मेयर कभी किसी इवेंट में, तो कभी सड़क पर लोगों का स्वागत करते नजर आते हैं।
जहां राजनीति बांटती है, वहीं यह कुत्ता जोड़ता है
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परंपरा शहर में एकता और खुशी का माहौल बनाती है। जहां आमतौर पर राजनीति लोगों को जाति, धर्म या पार्टी के नाम पर बांटती है, वहीं यहां एक कुत्ता बिना किसी भेदभाव के लोगों को जोड़ने का काम कर रहा है। यह मेयर किसी पार्टी या विचारधारा का प्रतीक नहीं, बल्कि सादगी और समुदाय की भावना का प्रतीक है।
























