संध्या समय न्यूज
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही अफवाहों पर केंद्र सरकार और प्रमुख तेल कंपनियों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्थिति को स्पष्ट किया है। सरकार ने साफ शब्दों में कहा है कि ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट बंद करने के दावे और उससे जुड़ी ईंधन कमी की खबरें पूरी तरह फर्जी और भ्रामक हैं। केंद्र ने आश्वासन दिया है कि भारत में पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
सोशल मीडिया पर फैल रहा है दहशत का माहौल
इन दिनों इंस्टाग्राम पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति के कारण भारत में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है, जिससे कीमतों में तेजी आ सकती है। वायरल वीडियो में लोगों से तुरंत पेट्रोल पंप जाकर अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने की अपील की जा रही है। यह अफवाह इतनी तेजी से फैल रही है कि लोगों के बीच भ्रम और दहशत का माहौल बन गया है।
🚨 सोशल मीडिया पर वायरल एक इंस्टाग्राम रील के माध्यम से यह दावा किया जा रहा है कि ईरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट को बंद किए जाने के बाद भारत में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और इसके कारण पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने की उम्मीद है इसलिए लोगों को तुरंत पेट्रोल पंप… pic.twitter.com/WVxRVJpRey
— PIB Fact Check (@PIBFactCheck) March 6, 2026
सरकार और पीआईबी ने दी सफाई
केंद्र सरकार ने इन दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि देश में कच्चे तेल और पेट्रोल, डीजल तथा एटीएफ (ATF) जैसे प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। सरकार के मुताबिक, मध्य पूर्व से जुड़ी किसी भी अल्पकालिक समस्या का सामना करने के लिए भारत पूरी तरह तैयार है। प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने भी लोगों को सावधान करते हुए सलाह दी है कि तुरंत पेट्रोल पंप जाकर टंकी फुल कराने के लिए उकसाने वाले संदेशों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। आपूर्ति और स्टॉक की सख्त निगरानी के लिए सरकार ने 24 घंटे काम करने वाला एक नियंत्रण कक्ष (Control Room) भी स्थापित किया है।
ईरान-इजरायल तनाव के बीच दुबई में फंसे हनी सिंह ने फैंस को दिया भरोसा
तेल कंपनियों ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
देश की प्रमुख तेल कंपनियों- इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने भी इस अफवाह को निराधार बताया है और जनता से घबराने की बजाय समझदारी बरतने की अपील की है।
- इंडियन ऑयल: कंपनी ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरें बिल्कुल झूठी हैं। देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और वितरण नेटवर्क पूरी तरह सामान्य काम कर रहा है। कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम: कंपनी ने कहा कि उसका विस्तृत रिटेल नेटवर्क पूरे देश में निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है।
- भारत पेट्रोलियम: कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि होर्मुज स्ट्रेट पर निर्भर नहीं होने वाले कई वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध हैं, जो किसी भी वैश्विक व्यवधान से निपटने में मदद करेंगे।
क्या करें नागरिक?
सरकार और तेल कंपनियों की ओर से जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध खबर की पुष्टि के लिए आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। अगर किसी भी खबर को लेकर संदेह हो, तो पीआईबी फैक्ट चेक से संपर्क किया जा सकता है।



















