Delhi News: दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय खेलों की धमक-धमक लौटने वाली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि दिल्ली 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप (CTTC 2026) की मेजबानी करेगी। 27 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक चलने वाला यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली सरकार और भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (TTFI) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस टूर्नामेंट को अब तक के सबसे बड़े संस्करणों में से एक माना जा रहा है। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर और नाइजीरिया सहित 35 से अधिक राष्ट्रमंडल देशों के खिलाड़ी और प्रतिनिधि इसमें प्रतिभाग करेंगे।
दिल्ली सचिवालय में इस ऐतिहासिक घोषणा के अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस महासंघ (CTTF) के अध्यक्ष विवेक कोहली, TTFI के उपाध्यक्ष राजीव दुग्गल, दिल्ली राज्य टेबल टेनिस संघ की उपाध्यक्ष दीपाली गुप्ता और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता संदीप गुप्ता सहित खेल जगत की कई जानी-मानी हस्तियां उपस्थित थीं।
विश्व-स्तरीय बुनियादी ढांचे का दिखेगा नजारा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली का विश्व-स्तरीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप वैश्विक खेल मानचित्र पर दिल्ली की स्थिति को और मजबूत करेगी। त्यागराज स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस है और यह खिलाड़ियों व दर्शकों दोनों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करेगा।
‘विजन 2036 ओलंपिक्स’ से जुड़ा कदम
सीएम गुप्ता ने इस आयोजन को दिल्ली सरकार के ‘विजन 2036 ओलंपिक्स’ मिशन से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को बढ़ावा देने और खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है। यह टूर्नामेंट दिल्ली की मेजबानी क्षमता और जीवंत खेल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करेगा।
7 दिनों का रोमांचक खेल महोत्सव
सात दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में कई कैटेगरी में रोमांचक मुकाबले होंगे, जिसका समापन 2 अगस्त को ग्रैंड फाइनल के साथ होगा। हालांकि, खेल प्रेमियों को टिकट बुकिंग, वॉलंटियर के रूप में भागीदारी और मैचों के पूरे शेड्यूल के लिए अभी कुछ महीनों का इंतजार करना होगा, क्योंकि इसकी विस्तृत जानकारी आने वाले महीनों में जारी की जाएगी।























