UP News : उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के राजनीतिक गलियारे में एक बार फिर से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं ने गति पकड़ ली है। सूत्रों के मुताबिक, आगामी नवरात्रि के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का विस्तार होने की प्रबल संभावना है। वर्तमान में यूपी में मुख्यमंत्री सहित कुल 52 मंत्री हैं, जबकि विधानसभा की संख्या के हिसाब से कुल 60 मंत्रियों की संख्या निर्धारित है। ऐसे में 8 मंत्रियों की जगहें खाली होने के कारण इस बार कई नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिलने की उम्मीद है।
सपा के बागी नेताओं की बढ़ी किस्मत के आसार
इस बार के संभावित कैबिनेट विस्तार का सबसे बड़ा हाईलाइट समाजवादी पार्टी (सपा) के बागी नेताओं को मिलने वाला स्थान हो सकता है। राजनीतिक गलियारों में सपा के बागी नेता मनोज पांडे और पूजा पाल के मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चाएं सबसे तेज हैं। माना जा रहा है कि पार्टी द्वारा उनके काम और वफादारी को देखते हुए उन्हें पुरस्कृत किया जा सकता है। इसके अलावा, आकाश सक्सेना के नाम की भी चर्चा है, जिन्हें भी मंत्री पद के लिए विचार किया जा रहा है। वहीं, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को भी कैबिनेट में शामिल किए जाने की चर्चा गूंज रही है।
मौजूदा मंत्रियों में हो सकता है फेरबदल
नए चेहरों को जगह देने के लिए मौजूदा मंत्रिमंडल में कुछ फेरबदल किए जाने की भी संभावना है। सूत्रों का कहना है कि कुछ मौजूदा मंत्रियों को प्रदर्शन के आधार पर हटाया जा सकता है और उन्हें पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में लगाया जा सकता है। वहीं, कुछ मंत्रियों को केंद्रीय राजनीति में भूमिका दी जा सकती है। इसके विपरीत, संगठन में काम कर रहे कुछ नेताओं को मंत्रिमंडल में जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
यह भी पढ़ें : ‘धुरंधर 2’ ने प्रीव्यू में ही बॉक्स ऑफिस पर मचा दी तूफान
संगठन की नई टीम पर भी मंथन
कैबिनेट विस्तार के साथ ही यूपी भाजपा की संगठनात्मक संरचना में भी बदलाव के आसार हैं। पार्टी पदाधिकारी अपनी नई टीम के गठन पर गहरा मंथन कर रहे हैं। जल्द ही महिला मोर्चा, युवा मोर्चा समेत सभी मोर्चों के अध्यक्षों का चुनाव होना है। इसके साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्षों के आदान-प्रदान की भी चर्चाएं हैं, जिससे पार्टी की कार्यप्रणाली को और सक्रिय बनाया जा सके।
आरएसएस नेता का लखनऊ दौरा, बढ़ी अटकलें
इन सभी राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाह अरूण कुमार का लखनऊ दौरा चर्चाओं में नया मोड़ लाया है। वे शुक्रवार को लखनऊ दौरे पर रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान वे यूपी भाजपा कोर ग्रुप के साथ दो महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे। अरूण कुमार के इस दौरे से मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं को और बल मिला है।






















