Faridabad News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुई 12 लाख रुपये की लूट की वारदात का पर्दाफाश कर लिया है। चौथे आरोपी रवि कुमार की गिरफ्तारी के साथ पुलिस को यह खुलासा हुआ कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी, जिसमें पीड़ित का खुद का रैपिडो चालक मास्टरमाइंड निकला।
एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि लूट की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को सौंप दी गई थी। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, वे चौंकाने वाले थे।
यूपी से लेकर एक्सप्रेस-वे तक… ऐसे दी गई वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी रवि कुमार ने खुलासा किया कि इस पूरी साजिश में रैपिडो चालक मनोज की अहम भूमिका थी। मनोज पहले भी कई बार पीड़ित प्रहलाद के साथ पैसे लेकर दिल्ली जा चुका था और उसे इस बात की भनक थी कि प्रहलाद के पास अक्सर बड़ी रकम होती है। मनोज ने यह जानकारी अपने साथी रवि को दी।
इसके बाद रवि ने अपने अन्य साथियों हरीश और गौतम के साथ मिलकर लूट की पूरी योजना तैयार की। प्लान के तहत आरोपियों ने पहले ही प्रहलाद के दिल्ली जाने के रास्ते और समय को रिकॉर्ड कर लिया। घटना वाले दिन जब प्रहलाद और मनोज मोटरसाइकिल पर एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे, तो रवि अपने दोनों साथियों के साथ दूसरी बाइक पर पहले से वहां मौजूद था। रास्ते में आरोपियों ने प्रहलाद को रोक लिया और चाकू की नोक पर 12 लाख रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।
लूट के बाद बनी थी अलीगढ़ जाने की योजना
एसीपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद रवि ने अपने एक अन्य साथी नितेश को फोन कर बुलाया। इसके बाद सभी पांचों आरोपी लूट की रकम लेकर सीधे उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले स्थित गांव बिजेरा पहुंच गए। वहां जाकर उन्होंने लूटे गए पैसों को आपस में बांटने की योजना बनाई थी।
पहले से ही जेल में हैं तीन आरोपी
पुलिस की लगातार दबिश और तकनीकी जांच के दौरान इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों— नितेश, गौतम और रैपिडो चालक मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया था, जिन्हें अदालत में पेश कर जेल भेजा जा चुका है।
बता दें कि मुख्य साजिशकर्ता रवि कुमार फरीदाबाद की पार्वतीय कॉलोनी में एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। अब उसकी गिरफ्तारी के साथ इस 12 लाख रुपये की लूट की पूरी कहानी पर से पर्दा उठ गया है। पुलिस मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

























