Haryana News: हरियाणा के अंबाला में शुक्रवार देर रात पुलिस और गौ-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक निर्दोष युवक की जान चली गई। घटना गांव टूंडला मोड़ के पास रात के करीब 2 बजे की है। मृतक युवक ड्यूटी पूरी करके अपने घर लौट रहा था, तभी अचानक चली गोलियों की बौछार में वह बलि का बकरा बन गया।
रात के अंधेरे में मचा हड़कंप, बाइक सवार को लगी गोली
मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस के अनुसार, गांव गरनाला निवासी गुरप्रीत सिंह अपने साथी लाली के साथ बाइक पर सवार होकर रात 1 से 2 बजे के बीच काम से घर वापस लौट रहा था। जैसे ही दोनों टूंडला मोड़ के पास पहुंचे, उन्हें तेज गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मृतक के साथी लाली ने बताया कि मौके पर तीन गाड़ियां थीं—एक बोलेरो (जिसमें तस्कर सवार थे) और दो पुलिस की गाड़ियां। पुलिस और तस्करों के बीच जमकर फायरिंग हो रही थी। इसी बीच गुरप्रीत को गोली लगी और कुछ दूर जाकर उसकी बाइक सड़क पर गिर गई। गोली लगने से गुरप्रीत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गुरप्रीत को मौत कौन सी गोली लगी—पुलिस की या फिर तस्करों की। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल (सिविल हॉस्पिटल) में भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह बात सामने आ पाएगी कि गोली किसकी हथियार से चली थी। वहीं, गौ-तस्कर मौके से बोलेरो गाड़ी छोड़कर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर छापेमारी तेज कर दी है।
अनिल विज का सख्त रुख, एसपी को दिए तत्काल गिरफ्तारी के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज सीधे अंबाला छावनी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
अनिल विज ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि रात्रि में गौ तस्कर गौवंश लेकर जा रहे थे। जैसे ही उन्हें पता लगा कि पीछे पुलिस की दो गाड़ियां लगी हैं, तो आरोपियों ने गोलियां चलाईं, जो उनके हलके के गांव गरनाला निवासी युवक गुरप्रीत सिंह को लगी।”* उन्होंने साफ कहा कि पोस्टमार्टम में यह साफ हो जाएगा कि गोली किसकी लगी है। विज ने मौके पर ही अंबाला एसपी को फोन लगाकर निर्देश दिए कि मामले में संलिप्त आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधिकारियों का बयान
वहीं, अंबाला कैंट के डीएसपी रमेश कुमार ने मीडिया को बताया कि पुलिस गौ तस्करों की ट्रैकिंग कर रही थी, जिसके बाद यह मुठभेड़ हुई। उन्होंने कहा, *”पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा कि मृतक को गोली किसकी लगी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और तस्करों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।”*
निर्दोष युवक की इस तरह से मौत के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग है।

























