संध्या समय न्यूज
अखिल भारतीय ध्यान योग संस्थान सन्त निवास कक्षा के तत्वावधान में योग परिवार होली मंगल मिलन समारोह फिजिकली एवं ऑनलाइन माध्यम से सन्त निवास, सीईएफ ब्लॉक, नेहरू नगर में बड़े हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ योगी प्रवीण आर्य द्वारा ओ३म् की ध्वनि एवं गायत्री मन्त्र के उच्चारण से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी योगी रामप्रकाश गुप्ता एवं विशेष अतिथि श्रीमती अनुराधा भटनागर उपस्थित रहीं.
होली का सही विधान है यज्ञ: योगी प्रवीण आर्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी प्रवीण आर्य ने होली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि होली मनाने का सही विधान वसन्त ऋतु के नए अन्न को यज्ञ (हवन) में आहुति देकर ग्रहण करना है। उन्होंने कहा, “भारतीय संस्कृति दान देकर, बाँटकर खाने में विश्वास करती है।” उन्होंने साधकों को शुभ कामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल जीवन के लिए प्रभु से प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने एक मर्मस्पर्शी गीत ‘जो होली, सो होली, भुला दो उसे, आज मिलने का त्यौहार है’ सुनाकर सभी को भावविभोर कर दिया।
पर्व हमें आपस में जोड़े रखते हैं: योगी रामप्रकाश गुप्ता
मुख्य अतिथि योगी रामप्रकाश गुप्ता का पीतवस्त्र ओढ़ाकर एवं चंदन तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि पर्व हमें आपस में जोड़े रखते हैं। होली मिलन के इस पर्व पर सब लोग एक-दूसरे पर रंग व गुलाल डालकर खुशी मनाते हैं और गले मिलकर आपसी वैमनस्य और मनोमालिन्य को दूर करते हैं।
दुबई में फंसी 6 साल की बेटी की बात सुन सिंगर एमी विर्क हुए इमोशनल
योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
योग सत्र के दौरान योगाचार्य नेतराम ने धार्मिक गीतों पर एरोबिक्स का अभ्यास कराया, जिसके बाद शवासन में विश्राम कराया गया। वहीं, योग शिक्षिकाओं सुमन बंसल, मीनाक्षी अग्रवाल, अम्बिका गर्ग एवं भारती अग्रवाल द्वारा होली के गीतों पर प्रस्तुत सुंदर नृत्य कार्यक्रम का आकर्षण का केंद्र रहा। विशेष आमंत्रित श्रीमती अनुराधा भटनागर ने कार्यक्रम को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ योग शिक्षिका वीना वोहरा ने होलिकोत्सव पर सभी को हार्दिक बधाई देने के साथ उपस्थित साधक-साधिकाओं का आभार व्यक्त किया। मंच का कुशल संचालन योगी प्रवीण आर्य ने किया। इस अवसर पर श्रीमती मोनिका मित्तल, वीनस गुप्ता, गीता गुप्ता, दर्शना मेहता, वीना गुप्ता, उमा शर्मा, सीमा अग्रवाल, मालासिंह, संजय खण्डेलवाल एवं सत्यम दीक्षित सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। सभी साधकों ने एक-दूसरे को चंदन तिलक लगाकर होली की बधाइयां दीं।
























