ये 4 स्टार फिल्म जीत चुकी कई बड़े इंटरनेशनल अवॉर्ड्स

फिल्म की कहानी मुंबई जैसे बेहद व्यस्त और आधुनिक महानगर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी का केंद्र बिंदु रमेश हैं, जो अपने प्रोफेशनल लाइफ में काफी सफल और अमीर बिजनेसमैन हैं। लेकिन, सफलता के इस पहाड़ के बावजूद उनकी जिंदगी में ना सुकून है, ना ही कोई खुशी।

मुंबई के मानसून में रची गई ये अनोखी पारिवारिक कहानी

HIGHLIGHTS

  • इस फिल्म में बिल्ली ने जोड़ दिए टूटे हुए रिश्ते
  • बड़े शहरों की दूरियों पर बनी ये बेहतरीन इमोशनल फिल्म
  • दिग्गजों की इस फिल्म में दिखेगा परिवार का असली प्यार
  • अच्छी कहानी वाली इस फिल्म को आप जरूर देखें क्यों
  • प्यार में धर्म की दीवार तोड़ती है ये बेहतरीन फिल्म

आज के दौर में जहां बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा का पूरा काया पलट चुका है, टिकट खिड़की पर सिर्फ महाबजट की एक्शन थ्रिलर, विस्तार से बनी रोमांटिक सागा और पैन-इंडिया फ्रैंचाइजी ही कमाई के रिकॉर्ड तोड़ रही हैं। ऐसे में फिल्म मेकर्स का भी रुख दर्शकों के बदलते मिजाज और बॉक्स ऑफिस के दबाव को देखते हुए वहीं की ओर जा रहा है।

लेकिन, इस भीड़भाड़ और शोर-शराबे वाले सिनेमाई माहौल में अगर कोई युवा और संवेदनशील फिल्म निर्माता इस होड़ से अलग हटकर, बॉक्स ऑफिस के मोह को त्याग कर, हमारे आसपास के रिश्तों की गर्माहट, बड़े शहरों में परिवारों के बीच बढ़ती दूरियों और एकांत पर एक बेहतरीन फिल्म को पर्दे पर लाए, तो ऐसे साहस की दिल खोलकर प्रशंसा होनी चाहिए।

‘मैक्स, मिन और म्याऊज़ाकी’ ऐसी ही एक फिल्म है, जिसने हाल ही में अपने प्रेस प्रिव्यू शो के दौरान मौजूद हर क्रिटिक और दर्शक का दिल जीत लिया।

जाने फिल्म की कहानी

बता दें कि फिल्म की कहानी मुंबई जैसे बेहद व्यस्त और आधुनिक महानगर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी का केंद्र बिंदु रमेश हैं, जो अपने प्रोफेशनल लाइफ में काफी सफल और अमीर बिजनेसमैन हैं। लेकिन, सफलता के इस पहाड़ के बावजूद उनकी जिंदगी में ना सुकून है, ना ही कोई खुशी। उनका जीवन सिर्फ तनाव और खालीपन से भरा हुआ है।

इसी गहराई में डूबे तनाव को दूर करने और अपनी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने के लिए रमेश एक मनोचिकित्सक के पास जाते हैं। थेरेपी सेशंस के दौरान ही दर्शकों को रमेश के अतीत और उसके दिल की उस दर्दभरी कहानी से रूबरू कराया जाता है।

रमेश की जिंदगी में सबसे बड़ा झटका तब लगा जब कुछ साल पहले उनकी पत्नी वसुधा कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के चलते इस दुनिया को अलविदा कह गईं। वसुधा के जाने के बाद रमेश के जीवन में एक और बड़ा टूटन आया जब उनका इकलौता बेटा ‘मैक्स’ भी उनके साथ रहना पसंद नहीं करता। मैक्स अपनी एक मुस्लिम लड़की के साथ खुशहाल जीवन जी रहा है और अपने पिता से कोसों दूरियां बना चुका है।

यहां कहानी में एक क्लासिक पिता-पुत्र विवाद देखने को मिलता है। रमेश चाहता है कि उनका इकलौता बेटा उनके बनाए बिजनेस एम्पायर की बागडोर संभाले, लेकिन मैक्स के सपने इससे बिल्कुल अलग हैं। उसे जिंगल और वेस्टर्न म्यूजिक का ऐसा जुनून सवार है कि वह उसी में अपना करियर बनाना चाहता है। इसके अलावा, रमेश को यह बात भी कतई रास नहीं आती कि उनके परिवार में कोई मुस्लिम लड़की बहू बनकर आए।

इन सब उथल-पुथल के बीच एक और किरदार है, जो कहानी को और भी दिलचस्प बनाता है—रमेश के पिता। रमेश के पिता अपने जमाने के एक मशहूर और सम्मानित क्लासिकल सिंगर हैं। परंतु, करुण विडंबना यह है कि उम्र के इस आखिरी पड़ाव में वह अपने बेटे रमेश के आलीशान घर में नहीं, बल्कि किसी ओल्ड एज होम (वृद्धाश्रम) में अपना अकेलापन काट रहे हैं।

इन सब इंसानी रिश्तों के उलझे ताने-बाने के बीच एक और महत्वपूर्ण किरदार है—’म्याऊज़ाकी’ नाम की एक बिल्ली, जो सिर्फ एक पालतू जानवर नहीं बल्कि इस पूरी कहानी का सबसे खास और अहम हिस्सा बनकर सामने आती है।

फिल्म की थीम और ओवरऑल विजुअल ट्रीटमेंट

मेरी नजर में ‘मैक्स, मिन और म्याऊज़ाकी’ कोई साधारण मनोरंजन करने वाली फिल्म नहीं है। यह एक गहरे भावनात्मक संदेश को समेटे हुए है। यह फिल्म आधुनिक भागदौड़ भरी जिंदगी में इंसानों और उनके रिश्तों के उस खोए हुए ‘अपनेपन’ को फिर से महसूस कराने की एक बेहद सफल और अच्छी कोशिश है।

फिल्म दर्शकों को एक ऐसी दुनिया की झलक दिखाती है, जहां आधुनिकता के नाम पर बिगड़ते रिश्तों की जटिलताएं, परिवार के बदलते समीकरण, और पीढ़ीदार अंतर को बेहद ही यथार्थपरक ढंग से दिखाया गया है।

मुंबई की भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल और मानसून के उस खूबसूरत, रोमांचक और कहीं-कहीं उदास माहौल को फिल्म में बखूबी कैद किया गया है। मानसून की बारिश क्या केवल एक मौसम है? फिल्म में इसे एक रूपक के तौर पर इस्तेमाल किया गया है, जो रमेश के सूखे और तनावपूर्ण जीवन में एक ताजगी और भावनात्मक बहाव लेकर आता है। फिल्म जिंदगी की बहुत छोटी-छोटी बातों को दर्शकों की अपनी जिंदगी से जोड़ने में पूरी तरह से कामयाब रही है।

म्याऊज़ाकी: एक बिल्ली की अनोखी भूमिका

भारतीय सिनेमा में हमने अक्सर कुत्तों (डॉग्स) को फिल्म का हिस्सा बनते देखा है, लेकिन निर्देशक ने एक बिल्ली को लेकर एक नई शुरुआत की है। ‘म्याऊज़ाकी’ नाम की यह बिल्ली फिल्म में कहीं से भी अतिरिक्त या फोर्सड नहीं लगती।

बल्कि, यह इंसानों के बीच के प्यार, नफरत, घृणा और फिर से जुड़ाव को प्रदर्शित करने वाला एक मध्यस्थ की भूमिका में खड़ी नजर आती है। बिल्ली की मौन भाषा, उसकी मौजूदगी और उसके जरिए जो इमोशनल बॉन्डिंग दिखाई गई है, वह फिल्म को एक अलग ही आयाम देती है।

अभिनय और कलाकारों का दमदार प्रदर्शन

एक फिल्म को कहानी कितनी भी अच्छी क्यों न हो, अगर उसे निभाने वाले कलाकार उसमें जान न फूंकें, तो वह बेअसर रहती है। ‘मैक्स, मिन और म्याऊज़ाकी’ में नई पीढ़ी के चमकते सितारों के साथ-साथ फिल्म नगरी के उन दिग्गज कलाकारों को देखा जा सकता है, जिनके अभिनय की अपनी एक अलग गहराई होती है।

नफीसा अली, मेधा शंकर, मंदिरा बेदी और आदिल हुसैन जैसे कलाकारों ने अपने-अपने किरदार में इतनी तादादमी ढाल लिया है कि दर्शकों को लगता है कि ये कोई किरदार नहीं, बल्कि असल जिंदगी के लोग हैं। हर एक कलाकार ने अपनी एक्टिंग से फिल्म को और भी मजबूती प्रदान की है।

विशेषकर जिस तरह से पीढ़ीदार टकराव और अंदरूनी दर्द को स्क्रीन पर दिखाया गया है, वह सराहनीय है। इन कलाकारों के अभिनय ने ही प्रेस शो में मौजूद हर शख्स से ‘वाह-वाह’ लूटने में कामयाबी हासिल की है।

निर्देशन और कहानी लेखन की सराहनीय कला

फिल्म के लेखक और निर्देशक पद्मकुमार नरसिम्हामूर्ति (पद्म कुमार राव) की प्रशंसा किए बिना रहा नहीं जा सकता। एक युवा फिल्ममेकर के तौर पर उन्होंने जिस परिपक्वता का परिचय दिया है, वह काबिलेतारीफ है। सबसे बड़ी खूबी यह रही कि पद्म कुमार ने अपनी लिखी स्क्रिप्ट को स्टार्ट से लेकर एंड तक कहीं भी ट्रैक से भटकने नहीं दिया। कई बार इमोशनल ड्रामा फिल्में अति भावुकता में जा कर अपना मूल विषय खो देती हैं, लेकिन यहां ऐसा नहीं है।

फिल्म का हर किरदार स्टोरी का अटूट हिस्सा है। उन्होंने इंडस्ट्री के दिग्गजों और नए कमर्स कलाकारों का बेहतरीन मिश्रण तैयार किया और सभी से उनकी क्षमता के अनुसार शानदार काम लिया।

हालांकि, एक छोटी सी कमी यह रही कि अगर पद्म कुमार फिल्म की अवधि को 10 से 15 मिनट तक और कम करते, तो यह फिल्म स्टार्ट टू एंड हर क्लास के दर्शक को बिना उबाऊ हुए अपनी गिरफ्त में बांध कर रखती। 143 मिनट की अवधि थोड़ी लंबी लगती है, लेकिन दमदार कहानी इस कमी को काफी हद तक ढक लेती है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

किसी फिल्म की असली परीक्षा तब होती है जब वह अपने घरेलू बाजार से निकलकर वैश्विक मंच पर उतरे। ‘मैक्स, मिन और म्याऊज़ाकी’ ने अब तक देश और विदेश के अनेक प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल्स में अपनी झांकी लगाई है।

यह फिल्म वहां सिर्फ दर्शकों और क्रिटिक्स का ध्यान ही नहीं खींच पाई, बल्कि ज्यूरी के सामने अपनी अदायगी का लोहा मनवाते हुए कई प्रशंसनीय अवॉर्ड्स भी अपने नाम कर चुकी है। यह बात इस बात का प्रमाण है कि अच्छी कहानी की कोई भाषा और सीमा नहीं होती।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now