संध्या समय न्यूज
UP News : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अफ्रीकी सोने की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना बरामद करते हुए महाराष्ट्र के दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे मिली सफलता?
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई चेकिंग अभियान के दौरान की गई। मुखबिर की सूचना पर जब डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंची, तो पुलिस टीम की नजर दो संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी। पुलिस को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी घबराकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
करीब 3.5 करोड़ का सोना बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बालासो जाधव (36), निवासी सतारा और तेजस पंवार (23), निवासी पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों के कपड़ों में छिपाकर रखे गए सोने के बिस्कुट मिले। कुल 19 गोल्ड बार बरामद हुए, जिनका कुल वजन 2.215 किलोग्राम है। बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 करोड़ 54 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : राजपाल यादव का ‘छोटा डॉन’ अवतार बना वायरल
ऐसे छुपाया था सोना
पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने सोने के बिस्कुटों को अपने पैंट के अंदर छिपाकर रखा था। इसे छिपाने के लिए उन्होंने अपने कपड़ों को काटा भी था, ताकि सोना आसानी से छिप सके और किसी को शक न हो।
पूछताछ में खुला राज
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि यह विदेशी (अफ्रीकी) मूल का सोना है, जिसे बांग्लादेश के रास्ते भारत लाया गया था। सोने की यह खेप पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से दिल्ली ले जाई जा रही थी। पुलिस को संदेह है कि यह एक संगठित तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। अभी इस गिरोह के आगे और पीछे के नेटवर्क की जांच की जा रही है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई के साथ तस्करी के एक बड़े खेल को नाकाम कर दिया है।




















