सत्य ऋषी
प्रेमियों का त्योहार वेलेंटाइन डे (Valentine’s Day) करीब आ चुका है। ऐसे में हर कोई अपने लिए सही लाइफ पार्टनर की तलाश में रहता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों की चाल और राशियों के तत्व प्रेम संबंधों पर गहरा असर डालते हैं। अगर आप भी यह जानना चाहते हैं कि आपके लिए कौन ‘परफेक्ट’ है और किससे आपको बचकर रहना चाहिए, तो सितारों की नजर से इस खास गाइड को समझें।
तत्वों का तालमेल तय करता है रिश्ते की मजबूती
ज्योतिष के अनुसार, एक ही तत्व वाली राशियों में स्वाभाविक रूप से गहरा जुड़ाव होता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अग्नि और वायु तत्व का मिलन बहुत शानदार माना गया है, वहीं पृथ्वी और जल तत्व के बीच रिश्ता काफी गहरा और स्थायी होता है।
- अग्नि तत्व (मेष, सिंह, धनु): इनका तालमेल वायु तत्व (मिथुन, तुला, कुंभ) के साथ बहुत बेहतरीन बैठता है।
- पृथ्वी तत्व (वृष, कन्या, मकर): इन्हें जल तत्व (कर्क, वृश्चिक, मीन) के साथ रिश्ते में सफलता मिलती है।
- सावधानी: अग्नि-पृथ्वी, जल-अग्नि और जल-वायु तत्वों के बीच अक्सर वैचारिक मतभेद देखने को मिलते हैं, इसलिए ऐसे रिश्तों में समझदारी बरतने की जरूरत होती है।
स्वभाव के आधार पर मिलन
स्वभाव के लिहाज से भी कुछ राशियां एक-दूसरे के पूरक मानी गई हैं। अग्नि प्रधान राशियों (मेष, सिंह, धनु) की दोस्ती और प्रेम वायु प्रधान राशियों (मिथुन, तुला, कुंभ) से खूब जमता है। वहीं, पृथ्वी प्रधान राशियों (वृष, कन्या, मकर) की पटरी जल प्रधान राशियों (कर्क, वृश्चिक, मीन) के साथ अच्छी बैठती है।
यह भी पढ़ें :
महाशिवरात्रि 2026: जानें गृहस्थ और साधकों के लिए सर्वोत्तम पूजा मुहूर्त
ग्रह शत्रुता: कहाँ आ सकती है मुश्किल?
ज्योतिष में ग्रहों की आपसी मित्रता और शत्रुता का भी प्रेम संबंधों पर गहरा प्रभाव पड़ता है। ग्रहों के विरोध के कारण कुछ राशियों के बीच तालमेल बिठाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
इस वेलेंटाइन इन बातों का रखें ध्यान:
-
- मेष व वृश्चिक: इन्हें कन्या और मिथुन राशि से दूरी रखनी चाहिए। वृषभ व तुला के साथ मिला-जुला असर रहता है।
- मिथुन व कन्या: कर्क राशि के साथ लंबे समय तक साथ निभाना कठिन हो सकता है।
- धनु व मीन: तुला और वृषभ से पटरी नहीं बैठती।
- मकर व कुंभ: सिंह, कर्क और मेष के साथ रिश्ते में अक्सर टकराव की स्थिति बनी रहती है।
- सिंह: कुंभ और मकर राशि वालों से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं।
- कर्क: मिथुन और कन्या के साथ लंबी दोस्ती मुश्किल साबित होती है।
बेस्ट फ्रेंडशिप गाइड: कौन है आपका लकी पार्टनर?
अगर आप खुशहाल रिश्ते की तलाश में हैं, तो नीचे दी गई जानकारी आपके काम आ सकती है:
- मेष-वृश्चिक: इनके लिए कर्क, धनु और मीन राशि के लोग सबसे बेहतर माने गए हैं।
- सिंह: मेष, कर्क, वृश्चिक, धनु और मीन के साथ इनकी जोड़ी लकी मानी जाती है।
- मिथुन-कन्या: सिंह, कर्क, धनु और मीन के साथ इनकी अच्छी जमती है।
- वृषभ-तुला: सिंह, धनु और मीन से मित्रता इनके लिए फलदायी साबित होती है।
- मकर-कुंभ: मेष, वृश्चिक, कर्क, धनु और मीन के लोग इनके लिए अच्छे साथी बनते हैं।
बता दें कि भले ही राशियां मिलती-जुलती हों, लेकिन रिश्तों को चलाने के लिए प्यार और समझ का होना सबसे जरूरी है। इस वेलेंटाइन, सितारों के संकेतों को समझकर अपने रिश्ते को और मजबूत बनाया जा सकता है।

























