वैशाली: जमीनी विवाद में भीषण हिंसा, दुकानों में आग और लूटपाट, एक गिरफ्तार

वैशाली के गोरौल में जमीन को लेकर बवाल

Bihar News: बिहार के वैशाली जिले में जमीनी विवाद ने भयावह रूप ले लिया है, जहां दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प के बाद तोड़फोड़ और आगजनी की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। गोरौल थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में हुई इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

कैसे शुरू हुआ हंगामा?

बताया जा रहा है कि गांव में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इस संबंध में टाइटल सूट भी चल रहा था। बुधवार को विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सैकड़ों की संख्या में लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर पीड़ित पक्ष के घर और दुकानों पर टूट पड़े।

यह भी पढ़ें : बॉक्स ऑफिस पर दो हीरो: धुरंधर 2 ने बनाए रिकॉर्ड, तो आदु 3 ने चुपके से मारी बाजी

आगजनी और लूटपाट

हमलावरों ने न केवल पथराव किया, बल्कि फर्नीचर की दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और फिर वहां आग लगा दी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उपद्रवी तत्व खुलेआम हिंसा करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित मंजय शर्मा ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी दुकान से करीब 1 लाख रुपये नकद और 3 लाख रुपये के सामान को लूट लिया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास शादी के लिए रखा पैसा भी लूट लिया गया और बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप है कि उपेंद्र राय और उनके समर्थकों ने मिलकर यह हमला किया।

बच्चों और महिलाओं पर भी हमला

इस हिंसक घटना में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में मंजय शर्मा (42), संजय शर्मा (45), रंजन कुमार (18), शीला देवी (38), शर्मीला कुमारी (15), नेहा कुमारी (12), मुस्कान कुमारी (15), सोनू कुमार (10) और मुनि देवी (40) शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें : दिल्ली: जनकपुरी में चेकिंग से बचने के लिए ड्राइवर ने पुलिसकर्मी को कार से घसीटा

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले का हर पहलू से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं, लिहाजा पूरे मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि किसकी गलती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस बल की मौजूदगी में गांव में तनाव बना हुआ है और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now