यूपीआईटीएस 2025 रोडशो का आयोजन नई दिल्ली में

ऋषि तिवारी


नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने के उद्देश्य से, उत्तर प्रदेश सरकार ने इंडिया एक्सपोज़ीशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के सहयोग से, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2025 के तीसरे संस्करण के लिए एक प्रभावशाली रोडशो का आयोजन शुक्रवार, 4 जुलाई 2025 को होटल द रॉयल प्लाज़ा, अशोक रोड, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली में किया। यह आयोजन 27 जून 2025 को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आयोजित कर्टन रेज़र कार्यक्रम के बाद संपन्न हुआ।

यह रोडशो आगामी यूपीआईटीएस 2025 की तैयारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा, जो 25 से 29 सितम्बर 2025 के बीच इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। ‘Ultimate Sourcing Begins Here’ थीम पर आधारित यह आयोजन उत्तर प्रदेश के प्रमुख क्षेत्रों जैसे एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, हथकरघा और वस्त्र, ओडीओपी, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल, ईवी, नवीकरणीय ऊर्जा और पारंपरिक हस्तशिल्प के निर्यात को गति देने पर केंद्रित है।

किसान संघर्ष समिति को मिली नई आवाज, चरण सिंह राजपूत बने राष्ट्रीय प्रवक्ता

दिल्ली रोडशो की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सचान ने की, जो एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्र विभाग के प्रभारी हैं। उनके साथ मंच पर उपस्थित थे श्री आलोक कुमार, प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार; डॉ. राकेश कुमार, अध्यक्ष, इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड; डॉ. अजय सहाय, महानिदेशक एवं सीईओ, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO); डॉ. नीरज खन्ना, अध्यक्ष, हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (EPCH); श्री शैलेन्द्र भाटिया, ओएसडी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण। इस आयोजन में ऑस्ट्रिया, कनाडा, वियतनाम, सिंगापुर और नॉर्वे सहित कई देशों के दूतावास प्रतिनिधियों, व्यापार संघों, खरीद एवं आपूर्ति सलाहकारों, क्षेत्रीय उद्योग विशेषज्ञों और उत्तर भारत भर के विभिन्न हितधारकों ने सक्रिय भागीदारी की।

श्री राकेश सचान ने अपने संबोधन में कहा, “उत्तर प्रदेश आज विकास, उद्यमिता और वैश्विक संपर्क की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए एक संभावनाओं के केंद्र के रूप में उभर रहा है। 25 से 29 सितम्बर 2025 तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो – यूपीआईटीएस 2025 – इस प्रगति का सशक्त प्रमाण है। यह केवल उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के उद्योगों, कारीगरों, एमएसएमई इकाइयों और उद्यमियों की शक्ति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है। हथकरघा और ओडीओपी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य प्रसंस्करण और नवीकरणीय ऊर्जा तक, यूपीआईटीएस परंपरा और आधुनिकता का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करता है।”

उन्होंने आगे कहा कि “राज्य के 75 जिलों से बढ़ते निर्यात और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बढ़ती रुचि यह दिखाती है कि उत्तर प्रदेश प्रमुख क्षेत्रों में सशक्त संपर्क स्थापित कर रहा है। यूपीआईटीएस स्थानीय उत्कृष्टता को वैश्विक पहुंच में बदलने का माध्यम बन चुका है, जहां खरीदार, निवेशक, नवप्रवर्तक और उत्पादक मिलकर स्थायी साझेदारियाँ बना सकते हैं। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था और समान अवसरों के साथ अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। यूपीआईटीएस 2025 एक व्यापारिक आयोजन मात्र नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की क्षमता को दुनिया से जोड़ने का एक दृष्टिकोण है।”

आलोक कुमार, प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा, “उत्तर प्रदेश अब तेजी से उभर रहा है और प्रगति कर रहा है। अब राज्य के पास ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ (UPITS) जैसा मंच है, जो उसकी औद्योगिक और सांस्कृतिक शक्तियों को प्रदर्शित करता है। यह हमारे एमएसएमई, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए निर्यात का एक प्रमुख द्वार है। हर संस्करण के साथ, UPITS स्थानीय व्यवसायों को वैश्विक बाज़ारों से जोड़ने का सेतु बन रहा है और हमें ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के विज़न में योगदान देने के लिए और अधिक सशक्त बना रहा है।”

डॉ. राकेश कुमार, अध्यक्ष, इंडिया एक्सपोज़ीशन मार्ट लिमिटेड और यूपीआईटीएस के सह-आयोजक ने कहा कि “यूपीआईटीएस में उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख क्षेत्रों और उत्पादों को विशेष रूप से उभारा जाएगा जो वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता प्राप्त कर रहे हैं। यह एक आदर्श प्लेटफॉर्म है, जहां एक ही स्थान पर राज्य के सभी उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध होंगी।”

डॉ. अजय सहाय, महानिदेशक एवं सीईओ, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (FIEO) ने कहा कि “राज्य सरकार के सहयोग से विदेशी खरीदारों के लिए विशेष कार्यक्रम और वित्तीय सहायता की व्यवस्था की गई है। उत्तर प्रदेश की विनिर्माण और रचनात्मक शक्ति को एक मंच पर लाकर, यूपीआईटीएस घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए एक अद्वितीय सोर्सिंग डेस्टिनेशन बन गया है।”

रोडशो में यूपीआईटीएस 2025 की विशेषताओं की झलक भी प्रस्तुत की गई — जैसे विस्तृत प्रदर्शनी वर्ग, केंद्रित बी2बी बैठकें, खरीदार मंडल, ओडीओपी प्रदर्शनियां, और निर्यात प्रोत्साहन क्षेत्र। यह पहल उद्योग जगत की भागीदारी को आकर्षित करने और देश-विदेश के खरीदारों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम है।

यह रोडशो एक राष्ट्रव्यापी श्रृंखला का हिस्सा है, जिसे यूपीआईटीएस 2025 के प्रचार-प्रसार और भागीदारी को बढ़ाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। दिल्ली संस्करण विशेष रूप से राजधानी क्षेत्र के सोर्सिंग सलाहकारों, संस्थागत खरीदारों, निर्यातकों और व्यापारिक संगठनों से जुड़ाव मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस प्रचार अभियान की श्रृंखला में इसके पश्चात हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई और अहमदाबाद में और भी रोडशो आयोजित किए जाएंगे।

पूर्व के संस्करणों की अभूतपूर्व सफलता के बाद, जिसमें लाखों आगंतुक और खरीदार आए और हजारों करोड़ के व्यापारिक प्रस्ताव प्राप्त हुए, यूपीआईटीएस 2025 को और अधिक व्यापक, प्रभावी और दूरगामी माना जा रहा है। यह शो राज्य के व्यापार, परंपरा और परिवर्तन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now