संध्या समय न्यूज
पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई इलाके में शनिवार शाम एक अचार बनाने वाली फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री परिसर में बने अचार के कुएं में उतरने के दौरान ऑक्सीजन की कमी के कारण फैक्ट्री मालिक और उनके बेटे की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, जिस इमारत में यह फैक्ट्री चल रही थी उसके ग्राउंड फ्लोर पर अचार बनाने का काम किया जाता था, जबकि पहली मंजिल पर करीब 60 वर्षीय फैक्ट्री मालिक अनिल अपने परिवार के साथ रहते थे।
फैक्ट्री में बने थे 10 फुट गहरे पांच कुएं
प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के अंदर करीब 10 फुट गहरे पांच कुएं बनाए गए थे, जिनका उपयोग अचार तैयार करने और उसे रखने के लिए किया जाता था। शनिवार शाम फैक्ट्री में काम कर रहा एक मजदूर अचार वाले कुएं में उतरा था। कुछ ही देर बाद वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आशंका है कि कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी के कारण उसका दम घुटने लगा।
मजदूर को बेहोश होते देख फैक्ट्री मालिक अनिल उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में उतर गए। उनके पीछे-पीछे उनके दो बेटे 32 वर्षीय नीरज और 28 वर्षीय संदीप भी मजदूर को बाहर निकालने के लिए कुएं में चले गए। लेकिन कुएं के अंदर मौजूद जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण तीनों की हालत भी बिगड़ गई और वे भी बेहोश होकर गिर पड़े।
संजय कपूर की ‘संकल्प’ का दमदार ट्रेलर रिलीज
दो की मौत, दो की हालत संभली
फैक्ट्री परिसर में शोर-शराबा होने पर अनिल के भाई सुभाष और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सभी को कुएं से बाहर निकाला। बाहर निकालने के बाद मजदूर और संदीप को होश आ गया, लेकिन अनिल और उनके बेटे नीरज की हालत गंभीर बनी रही। दोनों को तुरंत इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस बनने की असली वजह क्या थी और क्या फैक्ट्री में सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और इलाके के लोगों में भी गहरा शोक है।





















