ऋषी तिवारी
Noida News : आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो ‘सलाम नमस्ते’ को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर सामुदायिक जागरूकता एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान भारतीय मानक ब्यूरो (भारत सरकार के उपभोक्ता मामले मंत्रालय) के द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह का आयोजन
इस अवसर पर आईएमएस नोएडा के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान कम्युनिटी रेडियो की टीम के समर्पण और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “सलाम नमस्ते कम्युनिटी रेडियो के माध्यम से लगातार जनहित से जुड़े विषयों पर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है, जिससे समाज में जिम्मेदार और जागरूक उपभोक्ताओं का निर्माण हो रहा है।”
टीम के लिए प्रेरणा का क्षण
सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि रेडियो की पूरी टीम के लिए यह गर्व और प्रेरणा का क्षण है। उन्होंने कहा, “हमने समाज के विभिन्न वर्गों तक उपयोगी और जागरूकता से जुड़ी जानकारी पहुंचायी।” सलाम नमस्ते को यह सम्मान भारतीय मानक ब्यूरो गाजियाबाद शाखा के वैज्ञानिक-डी राजू शर्मा एवं मानक प्रोत्साहन अधिकारी आयुष राज ने सर्टिफिकेट देकर प्रदान किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि रेडियो के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्ता मानकों और सुरक्षित उत्पादों के उपयोग से संबंधित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
भारतीय मानक ब्यूरो का उद्देश्य
राजू शर्मा ने सलाम नमस्ते की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान समाज के विभिन्न वर्गों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण समुदाय तक उपभोक्ता अधिकारों, भारतीय मानकों और गुणवत्ता से जुड़े विषयों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम प्रसारित करने के लिए प्रदान किया गया।
यह भी पढ़ें : ‘भूत बंगला’ ने इंटरनेट पर मचाई तूफान! 24 घंटे में 55 मिलियन व्यूज
उन्होंने कहा, “उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराना भारतीय मानक ब्यूरो का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए समाज में मानकीकरण और गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है।” उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि कम्युनिटी रेडियो जैसे माध्यमों के जरिए लोगों तक उपभोक्ता अधिकारों और भारतीय मानकों से जुड़ी जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचाई जा रही है।






















