एमसीडी चुनाव: भाजपा ने ऐलान किए मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के उम्मीदवार

Delhi News:पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, मेयर पद के लिए रोहिणी-ई वार्ड से पार्षद प्रवेश वाही को मैदान में उतारा गया है। वहीं, डिप्टी मेयर पद की जिम्मेदारी आनंद विहार वार्ड की पार्षद मोनिका (सोनिका) पंत को सौंपी गई है। स्थायी समिति के लिए बेगमपुर वार्ड से जय भगवान यादव और पहाड़गंज वार्ड से मनीष चड्ढा को उम्मीदवार बनाया गया है।

एमसीडी चुनाव: भाजपा ने सभी प्रमुख पदों के लिए उम्मीदवार उतारे

HIGHLIGHTS

  • एमसीडी चुनाव में भाजपा ने खोले पत्ते, सभी उम्मीदवार घोषित
  • आप पार्टी के बहिष्कार से एमसीडी चुनाव हुआ एकतरफा
  • दिल्ली नगर निगम में मेयर-डिप्टी मेयर पद पर भाजपा की राह आसान
  • एमसीडी में निर्विरोध जीत की ओर बढ़ रहे भाजपा उम्मीदवार
  • आप पार्टी के चुनाव बहिष्कार से मुकाबले की गर्मी हुई ठंडी

Delhi News: एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) में मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर भाजपा (BJP) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने सभी प्रमुख पदों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। हालांकि, आप पार्टी (AAP) द्वारा इस चुनाव का बहिष्कार करने के फैसले ने पूरे मुकाबले की गर्माहट ही खींच ली है और भाजपा उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत अब लगभग तय मानी जा रही है।

ये हैं भाजपा के उम्मीदवार

पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, मेयर पद के लिए रोहिणी-ई वार्ड से पार्षद प्रवेश वाही को मैदान में उतारा गया है। वहीं, डिप्टी मेयर पद की जिम्मेदारी आनंद विहार वार्ड की पार्षद मोनिका (सोनिका) पंत को सौंपी गई है। स्थायी समिति के लिए बेगमपुर वार्ड से जय भगवान यादव और पहाड़गंज वार्ड से मनीष चड्ढा को उम्मीदवार बनाया गया है।

नामांकन दाखिल करने पहुंचे भाजपा नेता

भाजपा ने अपने उम्मीदवारों का नामांकन भी औपचारिक रूप से दाखिल करा दिया है। नामांकन के दौरान निगम भवन में काफी गर्मजोशी देखी गई। इस दौरान मौजूदा मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह, शाहदरा साउथ जोन चेयरमैन राम किशोर शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पार्षद और नेता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अपने उम्मीदवारों का समर्थन किया।

उम्मीदवारों ने जताया आभार

नामांकन पूरा होने के बाद मेयर पद के उम्मीदवार प्रवेश वाही ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, मैं उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा। दिल्ली नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों को मेरी प्राथमिकता होगी और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। इसके अलावा, डिप्टी मेयर पद की उम्मीदवार मोनिका पंत ने भी कहा कि वह दिल्ली की जनता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगी।

आप पार्टी के बायकॉट से बदली तस्वीर

इन चुनावों की सबसे बड़ी बात यह रही कि मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी ने इसमें हिस्सा लेने से साफ इनकार कर दिया। विपक्ष के मैदान में न होने के कारण यह चुनाव एक औपचारिकता से अधिक नहीं रह गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नॉमिनेशन का निर्धारित समय खत्म होने के बाद आधिकारिक रूप से भाजपा उम्मीदवारों की जीत की घोषणा की जाएगी।

कौन हैं ये नेता और क्या होगा भविष्य?

दिल्ली निगम की राजनीति में इन चुने हुए चेहरों का दबदबा पहले से कायम है। प्रवेश वाही मौजूदा समय में निगम के नेता सदन हैं। वहीं, जय भगवान यादव वर्तमान में डिप्टी मेयर पद पर कार्यरत हैं और इससे पहले वह उप नेता सदन भी रह चुके हैं। चर्चा है कि नए कार्यकाल में जय भगवान यादव को नेता सदन की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसी तरह, मनीष चड्ढा वर्तमान में स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हैं। उन्हें भाजपा ने स्थायी समिति का सदस्य बनाकर भेजा है, जिसके बाद से राजनीतिक गलियारों में अनुमान लगाया जा रहा है कि स्थायी समिति के अध्यक्ष का पद भी मनीष चड्ढा को ही सौंपा जा सकता है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now